
Bokaro/Ranchi: बोकारो विधायक बिरंची नारायण पर एक ऐसा आरोप लग रहा है, जो किसी विधायक के लिए सराहनीय नहीं हो सकता है. आरोप यह है कि बीजेपी विधायक बिरंची नारायण टैंकरों से पानी बेचते हैं.
इससे भी बड़ा आरोप यह है कि विधायक ने अपने बोकारो आवास जिसे बीएसएल ने विधायक के नाम पर आवंटित किया है. उस आवास में बोरिंग करायी है. उसी बोरिंग से पानी निकाल कर विधायक एक टैंकर पानी एक हजार रुपए में बेचने का काम करते हैं.
हाल में जेवीएम नेता डॉ. प्रकाश सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक बिरंची पर तमाम आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि विधायक एक बोकारो फाउंडेशन ट्रस्ट नाम का ट्रस्ट बनाकर एक टैंकर पानी के एवज में एक हजार की रसीद काट रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – दरिंदगीः टाटानगर रेलवे स्टेशन से तीन साल की बच्ची को उठाकर रेप, पांच दिन बाद मिली सिर कटी लाश
बीएसएल के आवास में नहीं कर सकते हैं बोरिंग
बीएसएल के आवास आवंटन के नियमों की बात करें तो कोई भी व्यक्ति जिसे बीएसएल ने आवास आवंटित किया है, वो ना ही बोरिंग कर सकता है और ना ही बिजली और पानी के कनेक्शन से छेड़छाड़ कर सकता है.
लेकिन यह दोनों काम विधायक कर रहे हैं. पानी निकालने के लिए विधायक ने बीएसएल के आवंटित आवास में बोरिंग करायी है और बोरिंग से पानी निकालने के लिए बीएसएल की बिजली का इस्तेमाल करते हैं. जिसके एवज में बीएसएल को बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जाता है.
इसे भी पढ़ें – फोटोग्राफर का सिर फोड़ा, संवाददाता की बाइक तोड़ दी…क्या कांग्रेस एक हुड़दंगी पार्टी है…
यह व्यापार नहीं जनता की सेवा है : विधायक
इस मामले पर न्यूज विंग से बात करते हुए बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि जितने भी टैंकर आप देख रहे हैं, उनमें एक भी या कहें पानी निकालने में जितना भी खर्च आता है, उसमें कहीं भी विधायक फंड का इस्तेमाल नहीं किया गया है. वो विशुद्ध रूप से मैंने खुद अपने वेतन के पैसे से किया है.
साथ ही कहा कि मुझे ऐसा लगा कि मुझे जनहित में ऐसा काम करना चाहिए. पानी बेचने का आरोप सरासर गलत है. बोकारो की जनता की सुविधा के लिए नो प्रॉफिट नो लॉस पर यह काम किया जा रहा है. वहीं विधायक ने कहा कि करीब 60 फीसदी पानी गरीब लोगों को फ्री में बांटा जा रहा है.
हर सामाजिक और धार्मिक संगठनों और त्योहारों के मौके पर पानी बिना शुल्क के सप्लाई की जाती है. कुछ सबल लोगों से पैसा इस काम में होने वाले मेनटेनेंस के लिए लिया जाता है. ताकि ड्राइवर और गाड़ी का खर्चा निकल सके. मैं पानी नहीं बेच रहा बल्कि सेवा कर रहा हूं.
इस मामले पर बीएसएल प्रबंधन की तरफ से बयान लेने के लिए बीएसएल के सीओसी (चीफ ऑफ कम्यूनिकेशन) मणीकांत धान को करीब 7 बार फोन किया गया. लेकिन उन्होंने एक बार भी रिसीव नहीं किया.
इसे भी पढ़ें – कांग्रेस : अजय कुमार और सुबोधकांत सहाय के समर्थक आपस में भिड़े, पुलिस को करना पड़ा लाठी चार्ज, दो गिरफ्तार (देखें वीडियो)




