
Ranchi : होल्डिंग टैक्स वसूली कर रही कंपनी श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स प्राइवेट लिमिटेड से दस्तावेज 2 नवंबर तक जमा करने की मांग की गयी थी. लेकिन कंपनी ने यह दस्तावेज अभी तक निगम में जमा नहीं किया है. अब इस तिथि को आगे दो दिन बढ़ाया दिया गया है. मेयर आशा लकड़ा ने कहा है कि तय तिथि तक आवेदन नहीं देने पर कंपनी के ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा.
कंपनी के मांगे दस्तावेज को लेकर मेयर ने मंगलवार को एक विशेष बैठक बुलायी. बैठक में नगर आयुक्त मुकेश कुमार, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, मेयर के वकील शुभासीष सोरेन सहित कई अधिकारी उपस्थित थे.
मेयर ने बताया कि पिछले 22 अक्तूबर की बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि श्री पब्लिकेशन से फॉर्म टेक-5 से संबंधित दस्तावेज व कर्मचारियों के पीएफ से संबंधित दस्तावेजों की मांग की जाए. इस संबंध में नगर आयुक्त ने कंपनी को नोटिस जारी कर 02 नवंबर तक संबंधित दस्तावेज समर्पित करने का निर्देश दिया गया था. लेकिन कंपनी ने निर्धारित समयावधि तक मांगे गए दस्तावेजों को लेकर कोई जवाब नहीं दिया गया. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि श्री पब्लिकेशन को और दो दिनों की मोहलत देते हुए दस्तावेज की मांग की जाए. ऐसा नहीं करने पर कंपनी को ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा.
बता दें कि मेयर के तमाम विरोध के बावजूद कंपनी श्री पब्लिकेशन ने राजधानी में होल्डिंग टैक्स सहित राजस्व वसूली का काम सोमवार से शुरू कर दिया हैं. पहले ही दिन टैक्स कलेक्टर के जरिए और निगम के जन सुविधा केंद्र में लोगों ने 10 लाख रूपये टैक्स के रूप में जमा किये.




