
Raipur: भाजपा के कद्दावर नेता रहे स्व.दिलीप सिंह जूदेव के पुत्र और चंद्रपुर के भाजपा विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की है कि धर्मांतरण कर चुके आदिवासियों का आरक्षण समाप्त किया जाना चाहिए.
संपन्न धर्म अपनाने के बाद भी आरक्षण क्यों- जूदेव
युद्धवीर ने कहा कि जो आदिवासी धर्मांतरण करके ईसाई व अन्य धर्म अपना चुके हैं, उन्हें आरक्षण का लाभ बिल्कुल भी नही मिलना चाहिए, एवं उनके मिसल दस्तावेज में भी ईसाई दर्ज होना चाहिए, क्योंकि वे अपना मूल धर्म छोड़कर एक सम्पन्न समाज का धर्म अपनाने के बाद भी जनजाति वर्ग के आरक्षण का लाभ ले रहे हैं. युद्धवीर ने झारखंड सरकार का उदाहरण देते हुए पत्र में कहा है कि झारखंड सरकार द्वारा जनजाति वर्ग के फॉर्मेट में बदलाव की तैयारी की जा चुकी है, जिससे ऐसे आदिवासी जो धर्म परिवर्तन कर दूसरे धर्म को अपना चुके हैं, उनको “एसटी” कैटेगरी के आरक्षण के लाभ से वंचित किया जा सकता है. झारखंड सरकार ने महाधिवक्ता से इसके लिए राय मांगी थी, जिसपर महाधिवक्ता ने अपनी राय देते हुए झारखंड सरकार के इस कदम को सही ठहराया है.

छत्तीसगढ़ में झारखंड के पत्थलगड़ी अभियान की धमक
झारखंड से शुरू हुआ पत्थलगड़ी अभियान छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में फैल चुका है, इसको भी ईसाई मिशनरी का अभियान बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ युध्दवीर सिंह जूदेव पहले ही उग्र रूप अपना चुके हैं. धर्मांतरण कर चुके लोगों को आरक्षण के लाभ से वंचित करने के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखना उनकी मंशा को साफ दिखाता है कि उनके पिता दिलीप सिंह जूदेव के द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन घर वापसी कार्यक्रम को युध्दवीर सिंह आक्रामक तरीके से जारी रखना चाहते हैं.

पिता दिलीप सिंह जूदेव ने चलाया था ऑपरेशन घर वापसी कार्यक्रम
जशपुर राजा व भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता स्व.दिलीप सिंह जूदेव ने ऑपरेशन घर वापसी का कार्यक्रम शुरू किया था, जिसके तहत धर्मांतरण कर चुके लोगों को अपने मूल धर्म में वापस लाया जाता है. ऑपरेशन घर वापसी कार्यक्रम की देशभर में ख्याति बढ़ने लगी, उनके द्वारा छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अन्य राज्यों में ऑपरेशन घर वापसी कार्यक्रम चलाया गया तथा आज भी उनके इस कार्यक्रम को उनके फ़ॉलोअर्स ने जारी रखा है.
युद्धवीर सिंह जूदेव के फेसबुक पेज से साभार




