
Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा का कहना है कि प्रदेश भाजपा किसान चौपाल के जरिये जमीन दलालों संग महफिल जमा रही है.
झामुमो महासचिव और पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को प्रेसवार्ता में कहा कि जनता भाजपा के झूठे औऱ फरेबी चेहरे को अच्छे से पहचान चुकी है. ऐसे में अगले और 14 सालों तक भाजपा को वनवास पर जनता रखेगी. पिछली भाजपा सरकार ने राज्य का खजाना खाली कर दिया था.
18,000 करोड़ का जीएसटी घोटाला राज्य में किया गया. सत्ता में आने के बाद हेमंत सरकार ने कोरोना संकट के बावजूद मिसाल पेश की है. सरकार को एक साल होने को हैं. जल्दी ही नयी रोजगार नीति, पर्यटन और उद्योग नीति की घोषणा होगी. इससे राज्य तरक्की के पथ पर तेजी से बढ़ेगा.
बौखलाहट में है बीजेपी
सुप्रियो के अनुसार राज्य सरकार की उपलब्धियों को देखते हुए भाजपा बौखलाहट में है. पहले ही वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच विशिष्ट प्रयास कर दिखाये हैं. चाहे वह मजदूरों को बाहर से लाना हो, उनके लिये थाना से लेकर राजमार्गों पर भोजन की व्यवस्था हो, मनरेगा के जरिये प्रवासी श्रमिकों को प्राथमिकता देने की बात हो या स्वास्थ्य सुविधाएं देने का मसला हो, हेमंत सरकार ने सराहनीय भूमिका निभायी है.
ऐसे में भाजपा किसान चौपाल औऱ दूसरे कार्यक्रमों के जरिये भ्रम फैलाने में लगी है. रघुवर सरकार के समय एक बार भी जेपीएससी की परीक्षा नहीं हो सकी. आंगनबाड़ी, पुलिसकर्मियों, पारा टीचर और दूसरों के रोजगार के मामले पर भी उसने लोगों को ठगा. ऐसे में उसे जनता सत्ता से कई सालों तक बाहर ही रखेगी.
नेता प्रतिपक्ष मामले में भाजपा बेईमान
पिछले साल विधानसभा चुनाव हुए थे. इसमें भाजपा को 25 सीटें मिली थीं. विधायक दल का नेता उसने दो महीने तक नहीं चुना. ऐसे विवादित नेता को अपना नेता चुना जो खुद दसवीं अनुसूची के उल्लंघन को लेकर आवाज उठाता रहा और अंत में खुद भाजपा में शामिल हो गया.
नेता प्रतिपक्ष के अभाव में राज्य में संवैधानिक, लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. दिसंबर में स्थानीय निकायों का कार्यकाल पूरा हो रहा है. मई में नगर निकायों के चुनाव भी प्रभावित हुए थे. कई ऐसे अहम पद होते हैं जिसमें पक्ष के साथ साथ विपक्ष की सहमति चाहिये.
इसी आधार पर राज्यपाल उसकी नियुक्ति करते हैं. भाजपा इस मामले में जवाबदेही ले. दिल्ली में किसान आंदोलन कर रहे हैं. पर केंद्र की सरकार 60 करोड़ लोगों की बात अनसूनी कर कॉरपोरेट घरानों के हित की बात कर रही है. भाजपा को किसान हित के मसले पर भी जिम्मेदारी लेनी होगी.




