Uncategorized

कार्ड से भुगतान पर उपभोक्ता व पंप कोई शुल्क नहीं देंगे : प्रधान

नई दिल्ली/कोलकाता: पेट्रोल पंपों पर कार्ड के जरिए भुगतान के मुद्दे पर स्पष्टीकरण देते हुए पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने सोमवार को कहा कि पेट्रोल पंपों पर डिजिटल लेनदेन के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिए जाएंगे। प्रधान ने यहां संसद के बाहर कहा, “डिजिटल लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क का वहन न तो उपभोक्ता करेंगे और न ही पेट्रोल पंप करेंगे। इस मुद्दे का हल निकाला जाएगा।”

मुद्दे के संबंध में उन्होंने कहा, “यह बैंकों और तेल विपणन कंपनियों के बीच एक व्यापार मॉड्यूल है जिसका वे हल निकालेंगे।”

केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा, “सरकार फरवरी, 2016 को जारी किए गए दिशा निर्देशों का पालन करेगी जिसमें कहा गया है कि डिजिटल भुगतान पर उपभोक्ता अतिरिक्त शुल्क वहन नहीं करेंगे।”

इससे पहले पेट्रोलियम मंत्रालय से विचार विमर्श के बाद अखिल भारतीय पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन (एआईपीडीए) ने अपनी पहले की घोषणा में बदलाव करते हुए शुक्रवार तक डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान स्वीकार करने की घोषणा की थी। उधर बैंकों ने भी कार्ड से भुगतान पर 1 प्रतिशत एमडीआर लगाने का फैसला टाल दिया है।

इस तरह के लेनदेन पर अतिरिक्त शुल्क लगाए जाने के खिलाफ रविवार को एआईपीडीए ने सोमवार से डेबिट और क्रेडिट कार्ड से भुगतान स्वीकार न करने की घोषणा की थी।

एआईपीडीए की पश्चिम बंगाल शाखा के महासचिव सरदिन्दू पाल ने आईएएनएस से कहा, “बैंकों ने रविवार देर शाम हमें सूचित किया कि कार्ड से भुगतान पर शुल्क 13 जनवरी तक नहीं लिए जाएंगे। इसके अनुरूप हमलोगों ने शुक्रवार तक कार्ड से भुगतान लेने का निर्णय किया है।”

एआईपीडीए की पश्चिम बंगाल शाखा के अध्यक्ष तुषार कांति सेन ने कहा, “हमने रविवार काफी देर रात फैसला किया, क्योंकि कुछ बैंकों ने सूचित किया था कि वे 13 जनवरी तक शुल्क नहीं लेंगे, जबकि कुछ बैंकों ने ऐसा नहीं किया था।”

उधर, एआईपीडीए के अध्यक्ष अजय बंसल ने वित्त मंत्री अरुण जेटली को लिखे एक पत्र में कहा कि एचडीएफसी और अन्य बैंक सोमवार से सभी क्रेडिट कार्ड लेनदेन पर 1 प्रतिशत शुल्क और सभी डेबिट कार्ड हस्तान्तरणों पर 0.25 प्रतिशत से 1 प्रतिशत के बीच शुल्क लेना शुरू करेंगे।

बंसल ने लिखा, “यह शुल्क पेट्रोलियम डीलरों के खातों से काटा जाएगा और हमारे खातों में शुद्ध लेनदेन मूल्य जमा किया जाएगा। इससे डीलरों को वित्तीय नुकसान होगा।”

उन्होंने कहा कि हालांकि, अगर कोई बैंक अतिरिक्त एमडीआर नहीं ले रहा, तो प्वाइंट ऑफ सेल उपकरण रखने वाले पेट्रोल पंप उन बैंकों के कार्ड स्वीकार करते रहेंगे।

एआईपीडीए का कार्ड से भुगतान नहीं लेने का फैसला ऐसे समय में आया, जब केंद्र ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए सरकारी तेल कंपनियों को कार्ड या मोबाइल वैलेट से भुगतान करने वाले ग्राहकों को 0.75 प्रतिशत की छूट देने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button