
Lucknow: यूपी का चुनावी रण अपने में दिलचस्प है. बीजेपी का सामना सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस से है. वहीं सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस के बीच नोंकझोक जारी है. गठबंधन ने जहां कांग्रेस के लिए दो सीटें छोड़ी, वहीं कांग्रेस ने 80 सीटों में से 7 सीटें सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के लिए छोड़ दी है. लेकिन ये बात बसपा प्रमुख मायावती को रास नहीं आयी है. उन्होंने साफ कह दिया है कि भारतीय जनता पार्टी को परास्त करने के लिए सपा-बसपा का गठबंधन काफी है, ऐसे में कांग्रेस जबरदस्ती सीट छोड़ने का भ्रम न फैलाए.
इसे भी पढ़ेंःपर्रिकर के अंतिम दर्शन के लिए मोदी-शाह जाएंगे गोवा, आज शाम होगा अंतिम संस्कार
कांग्रेस के ऑफर पर मायावती सख्त
बसपा सुप्रीमो ने कांग्रेस को दो टूक शब्दों में जवाब देते हुए एकबार फिर कहा कि कांग्रेस के साथ किसी तरह का गठजोड़ नहीं किया गया है. मायावती का यह सख्त लहजा कांग्रेस के उस ऐलान के बाद सामने आया है, जिसमें रविवार को ऐलान किया गया था कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के लिए सात सीटें छोड़ रही हैं.
क्या कहा बहनजी ने
मायावती ने ट्वीट कर लिखा, ‘बीएसपी एक बार फिर साफ तौर पर स्पष्ट कर देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस पार्टी से हमारा कोई भी किसी भी प्रकार का तालमेल व गठबंधन आदि बिल्कुल भी नहीं है. हमारे लोग कांग्रेस पार्टी द्वारा आये दिन फैलाये जा रहे किस्म-किस्म के भ्रम में कतई ना आयें.’
बीएसपी एक बार फिर साफ तौर पर स्पष्ट कर देना चाहती है कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में कांग्रेस पार्टी से हमारा कोई भी किसी भी प्रकार का तालमेल व गठबंधन आदि बिल्कुल भी नहीं है। हमारे लोग कांग्रेस पार्टी द्वारा आयेदिन फैलाये जा रहे किस्म-किस्म के भ्रम में कतई ना आयें।
— Mayawati (@Mayawati) March 18, 2019
इसके अलावा मायावती ने कांग्रेस को यूपी की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ने की चुनौती भी दे दी. मायावती ने अपने ट्वीट में लिख दिया कि यूपी में हमारा गठबंधन अकेले बीजेपी को पराजित करने में पूरी तरह से सक्षम है. कांग्रेस जबरदस्ती यूपी में गठबंधन के लिए 7 सीटें छोड़ने की भ्रान्ति ना फैलाये. उन्होंने कहा कि कांग्रेस यूपी में पूरी तरह आजाद है और वह सभी 80 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर चुनाव लड़े.
कांग्रेस यूपी में भी पूरी तरह से स्वतंत्र है कि वह यहाँ की सभी 80 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करके अकेले चुनाव लड़े आर्थात हमारा यहाँ बना गठबंधन अकेले बीजेपी को पराजित करने में पूरी तरह से सक्षम है। कांग्रेस जबर्दस्ती यूपी में गठबंधन हेतु 7 सीटें छोड़ने की भ्रान्ति ना फैलाये।
— Mayawati (@Mayawati) March 18, 2019
इसे भी पढ़ेंःपर्रिकर के निधन के बाद गोवा की राजनीति में हलचलः सीएम का नाम अबतक तय नहीं
कांग्रेस ने छोड़ी सात सीटें
ज्ञात हो कि रविवार को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सात सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारने की बात कही थी. यूपी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने संवाददाताओं को बताया कि सपा—बसपा—रालोद के लिए सात सीटें हम छोड रहे हैं. इनमें मैनपुरी, कन्नौज और फिरोजाबाद शामिल हैं. इसके अलावा पार्टी उन सीटों पर किसी प्रत्याशी को नहीं उतारेगी, जिन पर बसपा सुप्रीमो मायावती, रालोद प्रमुख अजित सिंह और उनके बेटे जयंत के चुनाव लड़ने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि गठबंधन ने रायबरेली और अमेठी सीटें कांग्रेस के लिए छोड़ी हैं . उसी क्रम में हम गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंःमनोहर पर्रिकर के निधन के 2 घंटे बाद ही कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा किया पेश




