
Agra : यूपी की हाथरस पुलिस ने योगी आदित्यनाथ द्वारा वर्ष 2002 में स्थापित की गयी हिंदू युवा वाहिनी के मंडल सह प्रभारी अनूप वार्ष्णेय को गिरफ्तार कर लिया है. वार्ष्णेय जिले के नवीपुर इलाके में खाने में इस्तेमाल होनेवाले मसाले बनाने की इकाई का संचालन भी करते हैं. आरोप है कि वार्ष्णेय अपनी इस स्पाइस मैनुफैक्चरिंग यूनिट में गधे की लीद और एसिड का इस्तेमाल करके नकली मसाले बनाते हैं और उसे कुछ लोकल ब्रांड्स के नाम पर फर्जी तरीके से सप्लाई करते हैं.
300 केजी से भी ज्यादा नकली मसाले जब्त
बता दें कि हाथरस पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार की रात को अनूप वार्ष्णेय की इस स्पाइस मैनुफैक्चरिंग यूनिट पर छापा मारा था. एक रिपोर्ट के मुताबिक, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि पुलिस ने वार्ष्णेय की इस मैनुफैक्चरिंग यूनिट से कुछ लोकल ब्रांड्स के नाम से पैक किये जा रहे 300 केजी से भी ज्यादा नकली मसाले जब्त किये हैं. उन्होंने बताया कि छापामारी के दौरान पुलिस की टीम ने यूनिट से नकली मसाले तैयार करने के लिए इस्तेमाल में लाये जा रहे अलग-अलग तरह की नकली सामग्री के साथ-साथ गधे की लीद, भूसा, अखाद्य रंग और एसिड से भरे कई ड्रम बरामद किये.
नकली धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और गर्म मसाला बरामद
ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि छापामारी में बरामद नकली और मिलावटी मसालों में धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और गर्म मसाला शामिल हैं. लगभग 27 सैंपल्स जांच के लिए लैब भेजे गये हैं. लैब से रिपोर्ट आने के बाद फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट-2006 के तहत एफआईआर दर्ज की जायेगी. फिलहाल वार्ष्णेय को सीआरपीसी की धारा 151 (संज्ञेय अपराधों को होने से रोकने के लिए गिरफ्तारी) के तहत न्यायिक हिरासत में ले लिया गया है.
बिना लाइसेंस के ही संचालित हो रही थी स्पाइस मैनुफैक्चरिंग यूनिट
रिपोर्ट के मुताबिक, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि अनूप वार्ष्णेय इस इलाके में मसाला फैक्ट्री का संचालन करने का लाइसेंस भी नहीं दिखा पाये. जिन ब्रांड्स के नाम से वह मसाले पैक कर रहे थे, उन ब्रांड्स का भी लाइसेंस वह नहीं दिखा पाये.
उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या मसाले बनाने के लिए इकाई में तैयार की गयी सामग्री को शहर में अन्य इकाइयों को भी आपूर्ति की गयी थी. खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मिलावटखोर स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं, खासकर अगर लंबे समय तक इसका सेवन किया जाये.
इसे भी पढ़ें : किसान आंदोलन : केंद्र सरकार, पंजाब व हरियाणा को SC का नोटिस, जवाब तलब किया, कल फिर सुनवाई




