Ramgarh

रामगढ़ : डीएवी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय युवा दिवस का भव्य आयोजन

रामगढ़ : डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल एनटीएस, बरकाकाना में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर महान संत, दार्शनिक एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की भावना को जागृत करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित प्रभावशाली नाटक से हुई, जिसने उनके संघर्ष, विचार और संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसके पश्चात उनके आदर्शों पर आधारित भक्ति गीत ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।
कक्षा 9 वीनस की छात्रा दिव्यांका ने अपने ओजस्वी भाषण में स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के जीवन से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और लक्ष्यनिष्ठ बनने का संदेश दिया। वहीं कक्षा 9 मार्स के छात्र शिवम द्वारा आयोजित रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासनबद्ध मार्च एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर स्वामी विवेकानंद को नमन किया। कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने हेतु विद्यालय के प्रधानाचार्य एम.डी. मुस्तफा माजिद एवं हेडमिस्ट्रेस डीएवी पतरातू रोशी वाधवानी उपस्थित रहे।

प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा माजिद ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा, “स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। यदि युवा उनके बताए मार्ग पर चलें तो न केवल स्वयं का, बल्कि देश का भी उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।” कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्धि झा द्वारा किया गया. समारोह का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button