JharkhandRanchi

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंककर्मियों की दो दिवसीय हड़ताल कल से

Ranchi: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले केंद्र सरकार द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का निजीकरण करने तथा प्रतिगामी बैंक सुधार के विरोध में दो दिन का अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया गया है. इसके तहत देश के लगभग दस लाख बैंककर्मी 15 व 16 मार्च को हड़ताल पर रहेंगे. इस संबंध में संगठन के संयुक्त संयोजक एमएल सिंह ने कहा कि हड़ताल में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की सभी शाखाएं तथा प्रशासनिक कार्यालय बंद रहेंगे.

उन्होंने कहा कि हड़ताल बैंक कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी या सेवा शर्तो के लिए नहीं है, यह हड़ताल केंद्र सरकार द्वारा जो आम जनता की पूंजी है, उसे निजीकरण के माध्यम से कॉर्पोरेट घरानों को हाथ में बेचने की साजिश के विरुद्ध है. जबकि कटु सत्य है कि पिछले वर्षों में बैंकों का ऑपरेटिंग प्रॉफिट लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन सरकार द्वारा इसे नजरअंदाज कर जानबूझकर उन्हीं के हाथों में सौंपने की तैयारी चल रही है, जिन्हें पिछले दिनों राइट ऑफ के नाम पर उनके ऋणों को माफ कर दिया. सरकार जानबूझकर ऋण नहीं चुकाने वालों को अपराध कृत्य घोषित नहीं कर उन्हें अप्रत्यक्ष रुप से सहयोग कर रही है.

उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि बैंकों के राष्ट्रीयकरण के पश्चात निजी क्षेत्र के लगभग 25 से ज्यादा बैंक फेल हुए. उन बैंकों की जनता की पूंजी को बचाने एवं कर्मियों की सेवा सुरक्षा के लिए उन्हें सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से विलय किया गया. इतना ही नहीं पिछले दिनों आईसीआईसीआई बैंक, यस बैंक एवं पीएमसी बैंक के हालात से सभी वाकिफ हैं. दूसरी तरफ सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने देश के विकास में जो अहम भूमिका निभाई है, वह मील का पत्थर साबित हुई है. सरकार द्वारा सार्वजनिक क्षेत्रों को निजी करण कर सरकारी संपत्ति बेची जा रही है, इसका भी तीव्र विरोध करते हैं. उन्होंने कहा कि आम जनता की पूंजी आम जनता के विकास के लिए हो, ना कि कॉर्पोरेट के लूट के लिए.

उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अपनी बैंको मे जमा राशि को बचाने,उसकी सुरक्षा के लिए इस आंदोलन में सहयोग करें. उन्होंने ग्राहकों, आम जनता,छात्र, युवा ,किसानों, महिलाओं से अनुरोध किया है कि इस आंदोलन को अपने आंदोलन की कड़ी समझ सहयोग करें.

Related Articles

Back to top button