
Ranchi: रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के दुवरसिनी मंदिर में शंकर भगवान की मूर्ति को बीती रात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना की जानकारी तब मिली जब मंदिर में पूजा करने के लिए पुजारी पहुंचे. इसके बाद घटना की जानकारी थाने को दी गयी. फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है.
पिठोरिया थाना से महज कुछ दूरी पर ही यह मंदिर घाटी प्रारंभ होने से पहले स्थित है. मिली जानकारी के अनुसार शाम के वक्त असामाजिक तत्वों का मंदिर के आसपास जमावड़ा रहता है. नशा करने के लिए भी कई लोग पहुंचते हैं.
मंदिर प्रांगण में बने शंकर भगवान की मूर्ति के हाथ को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. त्रिशूल को भी विखंडित कर दिया गया है. घटना को लेकर मंदिर समिति ने दुख व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि बीते साल भी मंदिर के प्रांगण में लगी हनुमान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया गया था, लेकिन अब तक क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्व का सुराग मिल नहीं पाया है.
इसे भी पढ़ें – हड़ताल पर गई नर्सों से मिले उपायुक्त, शीघ्र ही इन्सेन्टिव भुगतान किये जाने का दिया आश्वासन




