
Dhanbad: धनबाद अंचल के आमाघाटा मौजा में सरकारी जमीन को खाली कराने एडीएम विधि व्यवस्था चंदन कुमार पहुंचे. स्थानीय लोगों ने एडीएम के नेतृत्व में पहुंची पुलिस पदाधिकारियों की टीम को दौड़ा दिया. लोगों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस-प्रशासन को थोड़ी देर के लिए पीछे हटने को मजबूर होना पड़ा. विरोध को ऊतारू स्थानीय लोग काफी उग्र थे. एडीएम के साथ ही डीसी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए. सरकारी जमीन पर बने निर्माण को तोड़ने के लिए लाई गई जेसीबी के सामने लोग खड़े हो गए. जिसके बाद प्रशासन का भी कठोर रुप देखने को मिला जहां सरकारी काम में रोड़ा डालने वाले लोगों पर पुलिस सख्ती से पेश आयी.
पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच लगभग 15 मिनट की जबरदस्त झड़प के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस की ओर से लाठी चार्ज का विरोध कर रहे स्थानीय लोग वापस लौटे हैं. फिलहाल नगर निगम की जेसीबी मशीन बाउंड्री तोड़ने में लगी हुई है. झड़प से पहले एक मशीन आई थी, अभी दो जेसीबी मशीन काम कर रही है. झड़प में एक महिला पुलिसकर्मी घायल हुई है जबकी कई स्थानिय लोग भी घायल हैं.
अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि आमाघटा मौजा कुल 74 अतिक्रमण कारी चिन्हित किए गए हैं. इसमें कई अतिक्रमण कारी ऐसे हैं जिनके पास किसी भी प्रकार की जमाबंदी या जरूरी कागजात नहीं है. बिना किसी कागज के यहां अतिक्रमण कर रहे हैं. वही ऐसे भी अतिक्रमण कारी हैं जिन्होंने गैरमजरूआ जमीन पर निर्माण खड़ा कर दिया है उनके विरुद्ध जेपीएल एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की जाएगी. ऐसे लोगों के पास कुछ जमीन के कागजात है. जिनकी जांच भी की जाएगी.
बता दे कि धनबाद अंचल के आमाघाटा मौजा में लगभग पांच अरब रुपये की सरकारी जमीन बेच दी गई है. इस जमीन फर्जीवाड़े को जाली दस्तावेज के सहारे अंजाम दिया गया है. यह जमीन धनबाद के बड़े-बड़े कारोबारी घराने के नाम की गई है. इसका रकवा करीब 71 एकड़ है. आमघाटा पुराना खाता संख्या 28, नया खाता – 89, जिसका पुराना प्लॉट 185, नया प्लॉट 72 एवं पुराना प्लॉट 187, नया प्लॉट 195-196 गैर आबाद भूमि है.




