
Ranchi: राज्य के सबसे बड़े हॉस्पिटल में मरीजों को हाइजीनिक फूड उपलब्ध कराने के लिए प्राइवेट एजेंसी को टेंडर के माध्यम से जिम्मेवारी सौंपी गई है. लेकिन प्राइवेट एजेंसी रिम्स में बिना एग्रीमेंट के ही मरीजों को खाना परोस रही है. इतना ही नहीं वर्क आर्डर जारी करने के बाद एजेंसी ने रिम्स में आजतक सिक्योरिटी मनी भी जमा नहीं कराया है. अब प्रबंधन एजेंसी के साथ सख्ती से निपटने की तैयारी कर रहा है. वहीं तत्काल एजेंसी को एग्रीमेंट करने को कहा गया है. जिससे कि गड़बड़ी होने पर एजेंसी पर कागजी कार्रवाई की जा सके.
इसे भी पढ़ें : चुनाव में नक्सली से कथित सांठगांठ का आरोप नहीं हुआ साबित, डॉ अजय रिहा
पिछले महीने रिम्स प्रबंधन ने टेंडर के माध्यम से जाना इंटरप्राइजेज को वर्क ऑर्डर जारी किया था. वहीं 6 जुलाई से काम शुरू करने का आदेश दिया गया था. इसके बाद एजेंसी को एग्रीमेंट कर वर्क ऑर्डर का 10% सिक्योरिटी मनी जमा कराने को कहा था. अब दो महीने पूरे होने को है इसके बावजूद एजेंसी ने आज तक ना तो रिम्स के साथ एग्रीमेंट किया और ना ही सिक्योरिटी मनी जमा कराई है. इस मामले में रिम्स के सर्जन सह पीआरओ डॉ डीके सिन्हा ने कहा की जल्द ही टेंडर और वर्क आर्डर के साथ एग्रीमेंट कर लिया जाएगा. इसके बाद कुछ गड़बड़ी होती है तो एक्शन लिया जाएगा. बताते चलें कि मंगलवार को पीडियाट्रिक वार्ड के एक मरीज के खाने में कीड़ा निकला था.
इसे भी पढ़ें : राज्य की नियुक्तियों के लिए और बढ़ेगा इंतजार, फिर से विभिन्न सेवा संवर्गों की नियमावली बदलेगी




