
Palamu: पलामू जिले में फिर एक वृद्ध की हत्या कर दी गयी. पांकी थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय वृद्ध लखराज भुइयां की हत्या के अभी कुछ ही दिन बीते थे कि जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय मूंगा लाल राम की रॉड से वारकर हत्या कर दी गयी. पुलिस मूंगा लाल के हत्यारों का पता लगाने में जुट गयी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया गया है.
दिनदहाड़े हुई हत्या
जानकारी के अनुसार विश्रामपुर थाना क्षेत्र के गोदरमा गांव के लरगहा टोला निवासी मूंगा लाल राम अपने घर से दो किलोमीटर दूर खेत से घास काटकर डंडीलखुर्द अपने घर आ रहे थे. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उसके सिर पर रॉड से वार किया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गयी है. सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा. उनकी गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित अड्डों पर छापामारी की जा रही है.
अंधविश्वास में युवक ने की हत्या
मूंगा लाल राम के साथ उसकी नतिनी चंचल कुमारी (5 वर्ष) थी. उसने बताया कि परिवार के शीतल राम के लड़का डोमन राम ने मेरे नाना के सिर पर छड़ से मार दिया. घटना के पीछे अंधविश्वास सामने आ रहा है. परिवार के लोगों का कहना है कि मूंगा लाल राम और उसकी पत्नी पर बगल के शीतल राम का परिवार ओझा और डायन होने का आरोप लगाता था.
बीमारी से मौत को बताया भूत-प्रेत का असर
एक माह पूर्व शीतल राम की बीमारी से मौत हो गयी थी. शीतल राम शराब पीने का आदि था. इससे उसकी किडनी खराब हो गयी थी. इलाज चल रहा था कि उसने दम तोड़ दिया. बावजूद शीतल की पत्नी और उसका बेटा डोमन यह मानने को तैयार नहीं था कि शीतल की मौत बीमारी से हुई है. अक्सर मूंगा लाल साव और उसकी पत्नी पर भूत-प्रेत लगाकर मार डालने का आरोप लगाया जाता था. इससे दोनों परिवारों के बीच विवाद भी होता था. इस विवाद के कारण ही मूंगा लाल साव की हत्या कर दी गयी.
28 फरवरी को पांकी में हुई थी वृद्ध की हत्या
विदित हो कि गत 28 फरवरी को पांकी थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय लखपति भुइयां की तेज धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी गयी थी. इस घटना के पीछे भी अंधविश्वास का मामला सामने आया है. हालांकि पुलिस इस हत्याकांड का उद्भेदन करने में अबतक असफल रही है.




