
NewDelhi : पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में लगभग 250 आतंकवादी मौजूद हैं, जो जम्मू और कश्मीर में 27 लांच पैड के जरिए घुसपैठ करने के इंतजार में हैं. सूत्रों के अनुसार इसमें आठ नये लांचपैड लीपा घाटी में बनाये गये हैं. बताया गया है कि यह उन रणनीतिक स्थानों में से एक है, जिसे भारतीय सेना द्वारा 2016 में की गयी सर्जिकल स्ट्राइक में तबाह कर दिया गया था. बता दें कि उड़ी आतंकी हमले के बाद सितंबर 2016 में भारतीय सेना ने पीओके पर बने लांचपैड को निशाना बनाया था. वर्तमान में जहां एक तरफ पाकिस्तान के पीएम इमरान खान भारत के साथ बातचीत करने की जुगत में हैं, वहीं आतंकी उनके मंसूबों पर पानी फेर रहे हैं. लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) पर आतंकी अपनी संख्या बढ़ा रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः राफेल विवाद में उलझे रिलायंस एंटरटेनमेंट ने माना, ओलांद की पार्टनर को दिये थे 12 करोड़
एलओसी में आतंकी ट्रेनिंग की गतिविधियां बढ़ गयी हैं
सूत्रों के अनुसार बुरहान वानी के मारे जाने से पूर्व पीओके में मात्र 14 लांचपैड सक्रिय थे, जिनमें 160 आतंकियों की मौजूदगी थी, लेकिन उसके बाद एलओसी में आतंकी ट्रेनिंग की गतिविधियां बढ़ गयी. सूत्रों ने बताया कि जहां पहले 160 आतंकी रहा करते थे, अब यह संख्या बढ़कर 190 से 230 पर पहुंच गयी है. पांच आतंकी कैंप भी बढ़े हैं. पीओके में 27 लांचपैड सक्रिय हैं, उनमें लीपा, चखोटी, बरारकोट, शारदी और जूरा घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के कैंप शामिल हैं. बरारकोट और कहूटा के क्षेत्रों में हिजबल मुजाहिद्दीन के कैंप हैं. बता दें कि लश्कर-ए-तैयबा के सदस्य लीपा, चन्नानियन, मंदौकली और नौखट के जरिए भारत में घुसने की कोशिश में जुटे हुए हैं. एक खुफिया अधिकारी का कहना है कि लगभग 250 आतंकी भारत में घुसपैठ की जुगत में हैं.




