
Muradabad : उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद के नवाबपुरा इलाके में बुधवार को हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. हमले में एक डॉक्टर समेत कुछ स्वास्थ्यकर्मी जख्मी हो गए हैं.
बता दें कि सोमवार को ही इस इलाके के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. वह कोरोना पॉजिटिव था. उनके परिवार के लोगों को तत्काल क्वारेंटाइन कर दिया गया था. लेकिन आज उनके संपर्क में आने वाले कुछ और लोगों को भी क्वारेंटाइन किया जाना था. इसी मकदस के साथ दोपहर करीब दो बजे टीम वहां पहुंची थी.
इस मामले में बताया जा रहा है कि किसी भ्रम की वजह से लोगों ने टीम पर हमला कर दिया. लेकिन इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई. और घटना की जानकारी सीनियर अफसरों को दी. इसके बाद मौके पर एसएसपी अमित पाठक और डीएम राकेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए.
सूचना है कि हमला करने के कुछ आरोपी रामगंगा की ओर भाग गए, जबकि कुछ हमलावरों की तलाश पुलिस आसपास के घरों में कर रही है. इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच महिलाओं समेत कई आरोपियों को हिरासत में लिया है.
इसे भी पढ़ेंः ज्वाइंट सेक्रटरी के बाद उप सचिव और उनसे सीनियर अधिकारी भी आयेंगे ऑफिस, केंद्र सरकार ने जारी किये निर्देश
कोरोना से लड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने दिया 20 करोड़
इधर, उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों के स्वैच्छिक योगदान से एकत्रित 20 करोड़ रुपए मुख्यंमत्री राहत कोष में दिए हैं.
पुलिस विभाग द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एच सी अवस्थी ने कोरोना वायरस संक्रमण राहत कार्य के सहायतार्थ मुख्यमंत्री राहत कोष में 20 करोड़ रुपये की धनराशि का चेक दिया है.
पुलिस महानिदेशक की अपील पर पुलिस विभाग के समस्त कर्मियों ने अपना एक दिन का वेतन दिया है जिससे यह धनराशि जमा हुई है.
इसे भी पढ़ेंः #FightAgainstCorona: धनबाद के कुमारधुबी में कोरोना संदिग्ध मिलने के बाद इलाके को सील करने की तैयारी




