
Ranchi: विकास आयुक्त सह अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग अरुण कुमार सिंह ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. सदर अस्पताल का भ्रमण कर कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए की गई व्यवस्था का जायज़ा लिया. उन्होंने दवाइयों और बेड की उपलब्धता के बारे में सिविल सर्जन से जानकारी ली.
इस दौरान उपायुक्त रांची छवि रंजन,मिशन डायरेक्टर एनएचएम रविशंकर शुक्ला, उप विकास आयुक्त विशाल सागर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची उत्कर्ष गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार व अन्य मौजूद थे.
कमियों को जल्द किया जाएगा दूर
उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए आने वाले दिनों में व्यवस्था और बेहतर होगी. कार्य में लगे पदाधिकारी और डॉक्टर्स काफी अनुभवी हैं. जो भी कमियां है उसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है. भविष्य में अस्पताल में बेड की संख्या और बढ़ाई जाएगी. साथ ही उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य ऐसी व्यवस्था करना है कि मरीजों के इलाज के लिए अटेंडेंट को आने की जरूरत ना पड़े, हम अटेंडेंट को खतरा मोल नहीं लेने देंगे. अटेंडेंट सुरक्षित रहें ऐसी व्यवस्था की जाएगी.




