
Jamshedpur : झारखंड का एक और मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल की मान्यता खतरे में पड़ गयी है. पहले जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित मेडिका अस्पताल को कोरोना काल में राज्य सरकार की ओर से बंद कर दिया गया, वहीं जमशेदपुर के पड़ोसी जिला सरायकेला के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना सुपर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल पर सिविल सर्जन डॉ हिमांशु भूषण भरवार ने क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत दोषी पाते हुए नये मरीजों के इलाज पर रोक लगाते हुए 7 दिनों के भीतर जवाब तलब किया है. साथ ही 5 लाख का जुर्माना भी लगाया है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ हिमांशु भूषण बरवार ने बताया कि अस्पताल के खिलाफ आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज करानेवाले मरीजों का सही इलाज नहीं किये जाने और आयुष्मान के मरीजों से अधिक पैसे लिए जाने की शिकायत मिलने के बाद जांच करायी गयी. साथ ही जांच में अस्पताल के खिलाफ मिली शिकायत सही पायी गयी.
इसे भी पढ़ें :रांची के पूर्व सिविल सर्जन के परिवार के 12 सदस्य कोरोना संक्रमित
उन्होंने 7 दिनों के भीतर अस्पताल को अपना पक्ष रखने की मोहलत दिये जाने की बात कही है. साथ ही संतुष्ट नहीं पाये जाने पर स्थायी रूप से निबंधन रद्द किये जाने की बात कही.
सिविल सर्जन ने इस दौरान नये मरीजों का निबंधन करने पर रोक लगा दी है साथ ही पुराने मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज करने का निर्देश जारी किया है. वैसे इस अस्पताल पर सरकारी डंडा चलते ही राज्य का एक और सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है.
इसे भी पढ़ें :बिशप वेस्टकॉट नामकुम के 16 टीचर व स्टाफ कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप




