Uncategorized

बेहिसाब संपत्ति की मालकिन निकली महिला अफसर, छापे के बाद हुआ खुलासा

News Wing

Indor, 12 September: नगर और ग्राम निवेश विभाग की एक आला अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त पुलिस ने छापे मारे और बड़े पैमाने पर उसकी बेहिसाब संपत्ति का खुलासा किया. लोकायुक्त पुलिस के डीएसपी के अनुसार नजदीकी देवास जिले में नगर और ग्राम निवेश विभाग में पदस्थ उप निदेशक अनीता कुरोठे के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मिली थी. इस शिकायत पर इंदौर में उनके तीन ठिकानों पर छापे मारे गये. वह इंदौर में भी पदस्थ रह चुकी हैं.

कुरोठे के नाम एक पेन्ट हाउस, फार्म हाउस, आठ दुकानें और सात एकड़ कृषि भूमि, जेवरात भी 

लोकायुक्त पुलिस के छापों से पता चला है कि कुरोठे और उनके नजदीकी रिश्तेदारों के नाम से खरीदी गयी अनुपातहीन संपत्ति में इंदौर की बहुमंजिला आवासीय इमारत में एक पेन्ट हाउस, 3,500 वर्ग फुट में फैला फार्म हाउस, शहर के अलग-अलग इलाकों में आठ दुकानें और सात एकड़ कृषि भूमि शामिल है. उनके घर से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और सोने के कुछ जेवरात भी मिले हैं.

 वैध आय के मुकाबले संपत्ति बेहिसाब

डीएसपी के अनुसार इंदौर से सटे राऊ कस्बे के एक होटल में कुरोठे की कारोबारी भागीदारी के संकेत मिले हैं. इसके अलावा, उनके 20 से 25 बैंक खातों के बारे में भी जानकारी मिली है. कुरोठे वर्ष 1994 में सरकारी सेवा में शामिल हुई थीं. लोकायुक्त पुलिस के छापों में उनकी जिस बेहिसाब सम्पत्ति का खुलासा हुआ है, वह उनकी वैध आय के मुकाबले बहुत अधिक है. उनकी बेहिसाब संपत्ति का विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button