Uncategorized

सरकार की वादाखिलाफी से नाराज पूर्व नक्सली करेंगे आन्दोलन

News Wing
Hazaribagh, 12 September : नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ने और सरेंडर को प्रोत्साहन देने के मकसद से सरकार ने एक उदार आत्मसमर्पण नीति की घोषणा की थी. सरेंडर नीति के तहत भटके हुए युवा यदि हिंसा छोड़ मुख्यधारा में शामिल होते हैं तो उन्हें सरकार कई सुविधायें देगी. सरेंडर करनेवाले पूर्व नक्सली को परिवार के चार सदस्यों के साथ ‘ओपेन जेल’ में रहने की सुविधा देने की भी सरकार ने घोषणा की थी.

इससे प्रभावित होकर कई बड़े ईनामी नक्सलियों ने आत्म-समर्पण भी किया. मगर पूर्व नक्सलियों का आरोप है कि सरकार अपने वादे से मुकर रही है. अब इन पूर्व नकसलियों ने सरकार की वादाखिलाफी से पीड़ित होकर मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है.

नहीं मिल रहा समर्पण नीति का लाभ

कुछ दिन पूर्व लातेहार के पांच लाख के ईनामी नक्सली गजेंद्र साव उर्फ गुज्जु साव ने सरेंडर किया था. उनकी पत्नी ने लातेहार एसपी से पत्र लिखकर पुनर्वास नीति के तहत सुविधाओं की मांग की. गजेन्द्र की पत्नी ने एसपी से घर बनाने, केस लड़ने, बच्चों की पढ़ाई आदि के लिए आर्थिक मदद की मांग की.

परिजनों की जुदाई

कुछ महीने पहले पचीस लाख के ईनामी नक्सली बड़ा विकास उर्फ बालकेश्वर उरांव ने हजारीबाग ओपेन जेल में परिजनों के साथ रहने की मांग की थी. परिजन डीजीपी से लेकर मुख्यमंत्री तक से मिले. मामले के सार्वजनिक होने के बाद बड़ा विकास को परिजनों से साथ ओपेन जेल में रहने की अनुमति मिली.

12 जुलाई को हजारीबाग ओपेन जेल के बंदियों को कारा अधीक्षक रूपम प्रसाद ने नया फरमान सुनाया. उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक बंदियों के परिजनों को जेल में नही रहने दिया जाएगा. इसके बाद बंदियों के परिजनों को घर वापस भेज दिया गया.

12 अगस्त को जेल आईजी प्रशांत कुमार जब हजारीबाग ओपेन जेल के दौरे पर आये तो बंदियों ने अपनी पीड़ा उन्हें सुनाई. उन्होंने समाधान निकालने का आश्वासन दिया. मगर आज तक कोई करवाई नहीं हुई.

जेल से लेकर सड़क तक आन्दोलन
पूर्व नक्सलियों के अनुसार अब उनका का धैर्य जवाब दे रहा है. परिजन सड़क पर तो बंदी जेल में अनशन की तैयारी में हैं. हजारीबाग ओपन जेल में दो कैदी सहित 15 बंदी हैं जिसमें एक महिला नक्सली भी है.

जेल में ये पूर्व नक्सली हैं दुखी
मारसल टूटी, चांद महतो, जोसेप पुरती, बरुन मांझी, कुलदीप मेहता, छोटा विकास उर्फ चसम जी, बड़ा विकास उर्फ बालकेशवर उरांव, गजेन्द्र साव उर्फ गजू साव, राजु कोरवा, मुन्ना कोरवा, मंगरु कोरवा, आछय कोतवाली, बसंती देबी और दो कैदी गुलाब साव,  कुमुद मंडल.

इन्होंने कहा कि इसके अलावे और भी कई समस्याएं हैं. हमें कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है.

(तस्वीर : प्रतीकात्मक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button