
Simdega: कोलेबिरा में झारखंड पार्टी के प्रखंड स्तरीय कार्यालय का उद्घाटन मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष व झारखंड पार्टी महिला मोर्चा की केंद्रीय अध्यक्ष मेनोन एक्का ने फीता काटकर किया. इसके पूर्व झारखंड पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ रंग बहादुर सिंह चौक से जुलूस निकाला गया. रंग बहादुर सिंह की मूर्ति पर मेनोन एकका एवं अन्य पदाधिकारियों के द्वारा माल्यार्पण किया गया. जुलूस मार्केट कांपलेक्स स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के मूर्ति स्थल पर पहुंचा. यहां पर भी माल्यार्पण किया गया.
उपचुनाव में अपना स्नेह एवं प्यार एक बार झारखंड पार्टी को अवश्य दें.
इस मौके पर ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मेनोन एक्का ने कहा कि कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र का विकास जितना झारखंड पार्टी ने किया है, उतना आज तक अन्य पार्टी ने नहीं किया. कहा कि झारखंड पार्टी के विधायक होने के पूर्व यहां से झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस पार्टी के विधायक रह चुके हैं. लेकिन झारखंड पार्टी के विधायक एनोस एक्का ने इस क्षेत्र का जितना विकास किया है शायद आज तक किसी भी विधायक ने नहीं किया होगा. झारखंड पार्टी के विधायक की मेहनत के कारण ही कोलेबिरा में जलमीनार, मार्केट कंपलेक्स, देव नदी पुलिया, गांव गांव में पीसीसी पथ हो पाये हैं . यह कार्य आप लोगों के प्यार और स्नेह से ही संभव हो पाया है. आप लोग उपचुनाव में अपना स्नेह एवं प्यार एक बार झारखंड पार्टी को अवश्य दें. झारखंड पार्टी के जिला अध्यक्ष मोतीयस बागे ने कहा कि हमारे नेता को षड्यंत्र के तहत फंसाया गया है. इस षड्यंत्र का जवाब आने वाले उपचुनाव में यहां की जनता देगी.
उद्घाटन समारोह में फुलकुमारी समद, दीपक कंडुलना, वीरेंद्र तिवारी, अमरीन समद, अभिषेक कुमार, मोतीलाल साहू, कासिफ मिंया, जेम्स कंडुलना, कांति केरकेट्टा, दुतमी हेमरोम, असलम खान, जगन्नाथ साहू, सुबास मड़की, हाबिल कोंगरी, विसेसर खारिया, नेल्सन तोपनो सहित भारी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे. मंच का संचालन अमरेंन समद ने किया.




