
NewDelhi : वित्तमंत्री अरुण जेटली ने राफेल सौदा, भगोड़े व्यापारी नीरव मोदी और विजय माल्या और देश की अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर झूठ बोलने की वजह से विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला है. अरुण जेटली ने शनिवार को ब्लॉग लिखकर कहा, झूठ का प्रचार कभी काम नहीं करता है. ब्लॉग में लिखा कि राफेल, बालाकोट, जज लोया की मौत, बैंक कर्जमाफी, जेएनयू मामले, ईवीएम, जीएसटी, नोटबंदी, नीरव मोदी से लेकर आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा या अर्थव्यवस्था को लेकर फर्जी मुद्दे उठाये गये. जेटली के अनुसार हर बार विपक्ष के फर्जी और नकली मुद्दे धराशायी हो गये. जेटली ने लिखा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी पार्टियां सत्यमेव जयते को भूलकर झूठे मुद्दे उठाने के अवसर की तलाश करती हैं. सच्चाई की जीत होती है और झूठ औंधे मुंह गिरता है. उन्होंने कहा, विपक्ष का अतिआत्मविश्वास मतदाताओं को कम आंक रहा है. 2019 के लोकसभा चुनाव में समझदारी बेकार नहीं जायेगी.
इसे भी पढ़ें – भाजपा अमीरों और गरीबों का अलग-अलग भारत बनाना चाहती है, ऐसा नहीं होने देंगे : राहुल
राहुल गांधी के भाषण से फर्जी मुद्दों को निकाल दिया जाये तो कुछ नहीं बचेगा
जेटली ने कहा कि यदि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के भाषण से फर्जी मुद्दों को निकाल दिया जाये तो कुछ नहीं बचेगा. वित्तमंत्री ने कहा, विपक्षी पार्टियां दयनीय स्थिति में हैं. उसे सरकार के खिलाफ नकली मुद्दे बनाने पड़ रहे हैं क्योंकि असली का अस्तित्व ही नहीं है. विपक्ष मतदाताओं की बुद्धि को कम आंकता है. इस क्रम में जेटली ने कहा, ‘मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि मतदाता भारत की विपक्षी पार्टियों को जवाब देंगे और उन्हें उनका स्थान दिखायेंगे. उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम का नतीजा है कि विपक्ष के पास उनके खिलाफ कोई असली मुद्दा नहीं है.
कैबिनेट मंत्री जेटली ने कहा, सरकार सत्ता-समर्थक प्रदर्शन पर चुनाव लड़ रही है. यह ऐसी सरकार है जिसके साथ मतदाता खड़े हैं. विपक्ष इससे डर गया है. वह केवल एक ही काम में जुटे हैं- एक आदमी को हटाओ. कहा कि असली मुद्दों की कमी के कारण पूरा विपक्ष झूठी बातें फैला रहा है.
इसे भी पढ़ें – गोवा में कांग्रेस ने सरकार बनाने का दावा पेश किया, राज्यपाल को पत्र लिख कर सरकार को बर्खास्त करने को कहा




