National

चुनावी आचार संहिता लगे इससे पहले पीएम मोदी ने एक माह में 157 प्रोजेक्ट्स लॉन्च किये

NewDelhi : पीएम मोदी ने पिछले एक माह,आठ फरवरी से लेकर नौ मार्च तक 157 प्रोजेक्ट्स लॉन्च किये. इनमें हाईवे, रेलवे लाइन, मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, स्कूल, गैस पाइपलाइन, एयरपोर्ट, वाटर कनेक्शन, सीवरेज कनेक्शन, पावर प्लांट सहित ढेरों प्रोजेक्ट्स शामिल हैं. एनडीटीवी के अनुसार चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान करने से पूर्व  पीएम मोदी  ने पिछले महीने पूरे देश में 28 दौरे किये, इसी दौरान उन्होंने 157 प्रोजेक्ट्स लॉन्च किये हैं. बता दें कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद आचार संहिता लागू हो जायेगी और उसके बाद सरकार कोई बड़ी घोषणा नहीं कर सकती. जहां तक 2014 के आंकड़ों की बात है तो तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने दूसरे कार्यकाल के खत्म होने से पहले आचार संहिता लागू होने से एक महीने पहले कोई भी यात्रा नहीं की थी, यह जानकारी सरकारी आंकड़ों से मिली है. इससे पूर्व आठ जनवरी से सात फरवरी के बीच पीएम मोदी ने लगभग 57 प्रोजेक्ट्स लॉन्च किये.   यह आंकड़ा पीएमओ की वेबसाइट और आधिकारिक घोषणाओं से लिया गया है.

इसे भी पढ़ेंः लोकसभा चुनाव प्रचार में कांग्रेस से आगे भाजपा! राहुल गांधी अपने नेताओं से नाराज

कुछ प्रोजेक्ट्स को पीएम मोदी ने रीलॉन्च किया

इनमें से कुछ ऐसे प्रोजेक्ट्स भी जिन्हें पहले ही लॉन्च किया जा चुका था, लेकिन पीएम मोदी ने उन्हें रीलॉन्च किया है.  उदाहरण दें तो  इस महीने की शुरुआत में पीएम मोदी ने यूपी के अमेठी में कलाश्निकोव असाल्ट राइफल बनाने के लिए ज्वाइंट वेंचर इंडो-रशियन राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड लॉन्च किया. लेकिन सरकार की प्रेस रिलीज के अनुसार इस प्लांट का शिलान्यास 2007 में ही कर दिया गया था और कार्बाइन्स, राइफल्स और आईएनएसएएस मशीन गन का प्रोडेक्शन साल 2010 में ही शुरू हो गया था.  दूसरे उदाहरण के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में 17 फरवरी को कर्मलीचक में सीवेज नेटवर्क का शिलान्यास किया. हालांकि, उन्होंने खुद अक्टूबर 2017 में उसी प्रोजेक्टस के तहत कर्मलीचक सीवेज ट्रिटमेंट प्लांट का शिलान्यास किया था.  लॉन्च प्रोजेक्टस में करीब 140 ऐसे हैं, जो प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन लायक भी नहीं थे. उदाहरण के तौर पर चेन्नई मेट्रो के एक सेक्शन के लिए पैसेंजर सर्विस का उद्घाटन, कर्नाटक में चिकजाजुर-मायाकोंडा रेलवे लाइन के दोहरीकरण, विक्रवंदी से लेकर तंजावुर तक एनएच-45सी को चार लेन में बदलने और एनएच-4 के कराईपेट्टाई–वालाजेपेट खंड को छह लेन में तब्दील करने जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ तो नगर निकाय स्तर के प्रोजेक्ट्स लॉन्च किये हैं, इनमें गाजियाबाद नगर निगम के तहत गऊशाला के नवीनीकरण, 9 हजार घरों के लिए सीवेज लाइन का उद्घाटन शामिल है. पीएम मोदी ने पिछले महीने 17 प्रोजेक्ट्स दूर रहते हुए ही लॉन्च किए. उदाहरण के तौर पर उन्होंने बिहार के बक्सर में एक पावर प्लांट का उद्घाटन उन्होंने यूपी में रहते हुए वीडियो कॉन्फ्रिंस के जरिए किया था.

इसे भी पढ़ें : एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान के परमाणु धौंस की कलई खुल गयी :  अरुण जेटली

Related Articles

Back to top button