NationalWorld

पाकिस्तान ने पुलवामा हमले में जैश के हाथ को नकारा, कहा- नहीं ली जिम्मेवारी

Islamabad: पुलवामा हमले की जहां पूरा विश्व निंदा कर रहा है. वहीं पाकिस्तान ने इस आतंकी हमले को लेकर एकबार फिर झूठ बोला है. 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले में सीआरपीएफ काफिले पर आत्मघाती हमला किया गया था, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे. हमले के बाद जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेवारी ली थी. लेकिन पाकिस्तान इसे मानने को तैयार नहीं. पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा है कि इसे लेकर भ्रम की स्थिति है.

जैश ने नहीं ली जिम्मेवारी- कुरैशी

पुलवामा हमले के पीछे आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का हाथ होने की बात को छिपाने की पाकिस्तान ने नाकाम कोशिश की है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने विदेशी मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि पुलवामा हमले के लिए जैश जिम्मेदार नहीं है. शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि हमले को लेकर जैश द्वारा जिम्मेदारी लेने की बात कही जा रही है इसमें कन्फ्यूजन है. उन्होंने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.

विदेशी मीडिया से बात करते हुए कुरैशी ने कहा, “नहीं उन्होंने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, इसमें एक भ्रम की स्थिति है, भ्रम ये है कि जैश के नेतृत्व ने इस मामले में ऐसा नहीं कहा है.” वहीं पाकिस्तानी विदेश मंत्री कुरैशी से जब एक इंटरव्यू के दौरान पूछा गया कि हमले के बाद जैश ने वीडियो जारी कर कहा था कि वो इस हमले के लिए जिम्मेदार हैं.  इसके जवाब में कुरैशी ने कहा कि उन्होंने कोई जिम्मेदारी नहीं ली है. इसपर विरोधाभास की स्थिति है.

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को शाह महमूद कुरैशी ने सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में इस बात को स्वीकार किया था कि जैश का सरगना मौलाना मसूद अजहर पाकिस्तान में ही मौजूद है. लेकिन कुरैशी ने कहा था मौलाना मसूद अजहर बेहद बीमार है, और वो अपने घर से निकल नहीं सकता है. साथ ही उन्होंने एकबार फिर भारत से इस हमले को लेकर सबूत मांगे थे. हालांकि भारत इस हमले को लेकर पाकिस्तान को डोजियर पहले ही सौंप चुका है.

Related Articles

Back to top button