
Srinagar: पुलवामा हमले के बाद भारतीय जवानों की आतंकवादियों के साथ एक और मुठभेड़ हुई है. रविवार को यह मुठभेड़ दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के तारिगाम हुई. सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में पुलिस उपाधीक्षक अमन ठाकुर शहीद हो गये हैं. साथ ही इसमें और सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. मुठभेड़ में घायल अधिकारी को 92 बेस स्थित अस्पताल ले जाया गया है. गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में पिछले 14 फरवरी को सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमला हो गया था. इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे. आतंकियों की इस वीभत्स करतूत के बाद भारतीय सेना लगातार उनके खिलाफ छापेमारी कर रही है.
आतंकवादियों के छिप होने की खबर मिली थी
इस मुठभेड़ के संबंध में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षाबलों ने तारिगाम क्षेत्र की घेराबंदी की. इसके बाद से वहां सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. जानकारी के अनुसार आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग करना शुरू कर दिया. इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया.
कड़ी कार्रवाई की घोषणा की जा चुकी है
पुलवामा हमले के बाद हाल ही में देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने एक सभा में कहा था कि वे आश्वस्त हैं कि समय आयेगा. जब लोगों की भावनाओं, उनकी इच्छाओं, उनकी उम्मीदों और अपेक्षाओं की पूर्ति होगी. इधर गृहमंत्री से अलग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पुलवामा हमले के बाद आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है.
इसे भी पढ़ेंः महाराष्ट्र में मतदाता सूची से 50 लाख नाम हटे, एक नाम कई बार तो किसी की हो चुकी है मौत




