National

महाराष्ट्र में मतदाता सूची से 50 लाख नाम हटे, एक नाम कई बार तो किसी की हो चुकी है मौत

Mumbai : चुनाव आयोग ने चुनावों से पहले समीक्षा के बाद महाराष्ट्र में मतदाता सूची से 50 लाख नाम हटा दिए हैं. यह जानकारी रविवार को एक अधिकारी ने दी. अधिकारी ने कहा कि इनमें से कुछ नाम कई बार दर्ज थे या संबंधित मतदाताओं की मौत हो गई थी.  चुनाव आयोग के अधिकारी ने कहा कि आने वाले सप्ताहों में और नाम हटाये जाने की संभावना है, क्योंकि मतदाताओं के प्रमाणन की प्रक्रिया चल रही है.  उन्होंने कहा कि यह एक  नियमित प्रक्रिया है, लेकिन लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से पहले पिछले एक साल में इसमें तेजी आयी है.

50 लाख नाम या तो कई बार दर्ज किए गए थे

उन्होंने कहा कि विशेष अभियान पिछले साल जनवरी में ही शुरू हुआ था और पाया गया कि लगभग 50 लाख नाम या तो कई बार दर्ज किए गए थे या संबंधित व्यक्ति की मौत हो चुकी थी और उसका नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया गया था. साथ ही उन्होंने कहा कि यह भी पाया गया कि कई विवाहित महिलाएं विवाह के बाद अन्य स्थान को चली गई थीं और उनके नाम मूल स्थानों पर मतदाता सूची से नहीं हटाये गये थे.

उन्होंने कहा कि यह भी पाया गया कि कई बार विवाहित महिलाओं के बदले हुए नामों को पिछली सूची से हटाए बिना उनके बदले हुए स्थानों की सूचियों में शामिल किया गया था. उन्होंने कहा कि हमने अपने बूथ-स्तर के अधिकारियों को प्रत्येक घर पर जाने और नामों का सत्यापन करने के लिए कहा. ऐसे लोग भी थे, जो नौकरी पाने के बाद अन्य स्थान पर चले गए और खुद को वहां मतदाता के रूप में पंजीकृत करा लिया, लेकिन अपने मूल स्थान पर मतदाता सूची में अपना नाम नहीं हटाया.

सहमति के बिना एक भी नाम नहीं हटाया गया है

अधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत ऐसे 50 लाख नामों का पता लगाकर उन्हें हटा दिया गया है. इसके लिए संबंधित व्यक्ति या परिवार की सहमति ली गई है. सहमति के बिना एक भी नाम नहीं हटाया गया है. यह पूछे जाने पर कि आयोग ने नामों को हटाने से पहले मतदाताओं की मृत्यु के बारे में सत्यापन कैसे किया. इसपर  उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्थानीय निकाय की उसके तहत आने वाले क्षेत्र की जन्म और मृत्यु की रजिस्ट्री होती है. हमने उनसे डेटा एकत्र किया और हमारे बूथ-स्तर के अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से सत्यापन के लिए उनके घरों का दौरा किया. मृतकों के परिवारों को उचित सूचना देने के बाद उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिये गए.

अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है

महाराष्ट्र में कुल 8,73,30,484 मतदाता हैं. जिनमें 4,57,02,579 पुरुष और 4,16,25,819 महिलाएं हैं. कुल 2,086 मतदाता अन्य श्रेणी में पंजीकृत किए गए हैं. कुल मतदाताओं में से 2,24,162 दिव्यांग के तौर पर पंजीकृत हैं. इसके अलावा कुल मतदाताओं में से 42,45,945 पहली बार वोट देने वाले हैं, जबकि 11,99,529 वो हैं जिनकी आयु 18 से 19 के बीच है. राज्य में 256 प्रवासी मतदाता भी हैं. हालांकि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है, लेकिन चुनाव आयोग ने चुनावों की घोषणा होने तक नाम शामिल करने के लिए फॉर्म स्वीकार करेगा.
इसे भी पढ़ें –

इसे भी पढ़ें –

Related Articles

Back to top button