
Jaipur: राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गयी. दरअसल, तेज गति से आ रहा एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे चल रही एक बारात में घुस गया. जिससे चार बच्चों सहित 13 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य लोग घायल हो गए.
नौ की मौके पर मौत
छोटी सादड़ी के डीएसपी विजय पाल सिंह संधू ने मंगलवार को बताया कि हादसा राजमार्ग 113 पर रामदेव मंदिर के निकट सोमवार रात हुआ. बंसवाड़ा से नीमबेहारा जा रहा ट्रक सड़क किनारे चल रही एक बारात में जा घुसा. एसपी प्रतापगढ़ अनिल कुमार बेनीवाल ने घटना के बारे में बताया, ‘9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोगों ने अस्पताल ले जाते वक्त दम दोड़ दिया.
वहीं संधू ने बताया कि घायलों को छोटी सादड़ी के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया. बाद में, गंभीर रूप से घायल 15 लोगों को उदयपुर रेफर किया गया. उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये एक शवगृह में रखवाया गया है. मामले की जांच जारी है. सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को संभवत: यह दिखाई नहीं दिया कि सड़क किनारे बारात चल रही है.
इधर इस दर्दनाक हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक जताया है. उन्होंने कहा कि ‘‘मेरी संवेदनाएं शोकसंतप्त परिजन के साथ हैं. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’’
इसे भी पढ़ेंःभारत का आइसीजे से अनुरोध, जाधव की मौत की सजा निरस्त हो




