
Ranchi : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्यों ने गुरुवार को श्याम प्रसाद मुखर्जी विवि में धरना प्रदर्शन किया. प्रदर्शन 6 फरवरी 2019 को विवि परिसर में जातिवाद हिंसा भड़काने के विरोध में किया गया. अभाविप ने बताया कि 6 फरवरी को विवि के नवनिर्वाचित छात्र संघ अध्यक्ष एवं फिलॉस्फी विभाग के दो प्राध्यापकों ने विवि परिसर में जाति विशेष नारे लगाये गए थे. धरना प्रदर्शन के दौरान उग्र अभाविप कार्यकर्ताओं ने विवि कुलपति की गाड़ी के सामने कालिख पोत दी. जिसके बाद परिसर में जम कर नारेबाजी की गयी. अभाविप सदस्यों ने जानकारी दी कि ऐसा करके विवि के परिसर को खराब करने की कोशिश की जा रही है. कुछ ऐसे संगठन भी परिसर में प्रवेश कर रहे हैं जो छात्रों को बरगला रहे हैं, ऐसे लोगों के प्रवेश पर बैन लगना चाहिए.
कार्रवाई करने की कही बात
विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों से पहले डीएसडब्ल्यू डॉ नमिता सिंह ने मुलाकात की. छात्रों की मांग सुनने के बाद उन्होंने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया. जिसके बाद छात्र उग्र हो गए और उन्होंने वीसी के गाड़ी में कालिख पोंत दी. जिसके एक घंटे के भीतर पुनः वीसी डॉ सतनारायण मुंडा और डीएसडब्ल्यू डॉ नमिता सिंह ने एक घंटे में मुलाकात की. इस दौरान छात्रों से कहा गया कि 6 फरवरी की घटना में संलिप्त प्राध्यापक को विवि से निलंबित एवं छात्रसंघ अध्यक्ष पर 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की.
कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन
प्रदेश कार्यालय मंत्री दीपेश कुमार ने इस दौरान कहा कि अगर 48 घंटे के भीतर छात्र अध्यक्ष पर कार्रवाई नहीं की गयी तो, अभाविप फिर से उग्र आंदोलन करेगा. जिसकी जिम्मेवारी विवि प्रबंधन की होगी. वहीं नवनिर्वाचित छात्र संघ के सचिव भागवत कुमार ने कहा कि ऐसे लोगों पर अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर दंड दिलवाने का काम करे विवि प्रशासन. अन्यथा विवि कुलपति तत्काल इस्तीफा दें.
ये थे मौजूद
मौके पर संयोजक राहुल राय, गणेश यादव, कृष्णा मिश्रा, मुक्ता कुमारी, कुमार दुर्गेश, विशाल सिंह, स्वर्णिम स्वरूप, ऋषभ कुमार, विपुल मिश्रा समेत अन्य छात्र मौजूद थे.




