
Ranchi: सरयू राय ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव को पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने कहा है कि एमजीएम अस्पताल की बदहाली दूर करने के लिए होने वाली बैठक के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर के वास्तविक अस्तित्व के बारे में संक्षिप्त, लेकिन संभावित विवरण तैयार करे. ताकि बैठक में किसी भी प्रकार का निर्णय लेने में सहुलियत हो. यह बैठक 21 जनवरी को विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद या 22 जनवरी को विधानसभा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद किसी भी समय रखी जा सकती है.
उच्च स्तरीय बैठक कर लिया जाना है निर्णय
सरयू राय ने पत्र में कहा है कि बीते 13 जनवरी, 2019 को बायो-डायवर्सिटी पार्क रांची में हुए राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मैंने एमजीएम हॉस्पिटल, जमशेदपुर की बदहाली दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का विषय रखा था, उसके बाद आपको मंत्रिपरिषद बैठक में बुलाया गया. निर्णय हुआ कि इस बारे मे शीघ्र एक उच्च स्तरीय बैठक बुला कर ठोस निर्णय लिया जाये. इस बैठक में मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, अधो हस्ताक्षरी और स्वास्थ्य विभाग के सचिव सहित अन्य प्रासंगिक अधिकारियों को शामिल होना है.




