Ramgarh

रामगढ़ में मनरेगा कर्मियों का जीआईएस आधारित आईएनआरएम फील्ड विजिट संपन्न

रामगढ़ : उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की पहल पर जिला प्रशासन, रामगढ़ द्वारा मनरेगा कर्मियों के लिए आयोजित जीआईएस आधारित आईएनआरएम (एकीकृत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन) प्लानिंग पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत एक दिवसीय फील्ड विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह फील्ड विजिट रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत कुंदरू कला पंचायत में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। फील्ड विजिट का मुख्य उद्देश्य जीआईएस तकनीक के माध्यम से तैयार आईएनआरएम मैप का पंचायत स्तर पर व्यावहारिक उपयोग को समझाना था।

मौके पर भू-आकृति, जल स्रोत, ड्रेनेज लाइन, कंटूर लाइन तथा ऊपरी, मध्य एवं निचली भूमि के आधार पर योजनाओं के वैज्ञानिक चयन की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पंचायत क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न ड्रेनेज लाइनों, ऊँची एवं निचली भूमि का स्थल निरीक्षण किया गया तथा यह समझा गया कि भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार किस प्रकार उपयुक्त आईएनआरएम योजनाओं का चयन किया जा सकता है। साथ ही जीआईएस मैप के माध्यम से वन क्षेत्र, कृषि भूमि, बसावट क्षेत्र एवं चरागाह भूमि की पहचान कर योजनाओं के चयन की प्रक्रिया को भी प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर बताया गया कि जीआईएस आधारित योजना निर्माण से न केवल पारदर्शिता में वृद्धि होती है, बल्कि ग्रामीणों को भी अपने क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिलती है। प्रशिक्षण एवं फील्ड विजिट के माध्यम से मनरेगा कर्मियों में यह साझा समझ विकसित की गई कि भविष्य में पंचायत एवं गांव स्तर पर योजनाओं का चयन समग्र आईएनआरएम दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। यह पहल जिले में मनरेगा के तहत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रशिक्षण एवं फील्ड विजिट का नेतृत्व जिला परियोजना पदाधिकारी श्रीमती अनुजा राणा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तर से विजय कुमार, तकनीकी सहयोगी संस्था ‘प्रदान’ से हिमांशु निगम, नंद किशोर एवं धनंजय सहित जिले के सभी प्रखंडों के एई, जेई एवं ऑपरेटर उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button