
Palamu : नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पलामू पुलिस को सफलता मिली है. जिले की मनातू पुलिस ने गुप्त सूचना के अधार पर 15 वर्षों से फरार चल रहे नक्सली को गिरफ्तार किया है. उसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी. अदालत से उसके खिलाफ स्थायी वारंटी जारी किया गया था.
पोलिंग पार्टी पर हमला करने सहित अन्य घटनाओं में रहा है शामिल
मनातू थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि 2004 से फरार चल रहा प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का नक्सली सुदेश्वर खरवार उर्फ सुदेश्वर सिंह अपने घर मनातू थाना क्षेत्र में आया हुआ है. सूचना पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि माओवादी नक्सली सुदेश्वर खरवार उर्फ सुदेश्वर सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2004 में मनातू थाना क्षेत्र के चक इलाके में पोलिंग पार्टी को निशाना बनाया था. हमला कर दहशत फैलाने की कोशिश की गयी थी. न्यायालय ने उसके विरूद्ध स्थायी वारंट भी जारी किया था.
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली वर्ष 2004 के चुनाव में पोलिंग पार्टी पर हमला करने सहित अन्य घटनाओं में शामिल रहा है. वर्तमान में वह माओवादी संगठन से अलग होकर घर पर रह रहा था. उसकी गिरफ्तारी मनातू पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.




