
रामगढ़ : चूट्टूपालू की जंगल की ओर 10-12 की संख्या में आये हाथियों के झुंड ने कच्चूदाग व पूरनाडीह में आलूओं की फसल रौंद दी. ग्रामीणों के घरों के दरवाजे को तोड़ कर अनाज को भी हाथियों द्वारा चट कर दिया गया. मामला मंगलवार देर रात लगभग दो बजे का है. हाथियों ने लगभग तीन घंटे का समय दोनों गांवों में बिताया. पूरे मामले को लेकर बुधवार को ग्रामीणों व वन विभाग की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में वन रक्षी आशा कुमारी, रंजीत कुमार, यशंवत कुमार, मुखिया अविंद्र करमाली द्वारा लोगों को हाथियों से बचने व सतर्क रहने की बात कही. मिली जानकारी के अनुसार हाथियों का झुंड लगभग दो बजे कच्चूदाग व पुरनाडीह पहुंचा.
हाथियों के पहुंचने की आहट व आवाज के बाद ग्रामीण सतर्क हो गये. लोगों ने एक-दूसरे को हाथियों पहुंचने की सूचना दी. जिसके बाद वन विभाग को भी सूचना दी गयी. वन विभाग व हाथी भगाने वाले दल के लोगों द्वारा मशाल जला कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा गया. ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का दल अभी भी गांव के पास के मिर्चा कोचा पहाड़ व जंगल में डेरा डाले हुये है. वन विभाग के कर्मियों ने हाथियों जनदीक ना जाने, फोटो व सेल्फी नही लेने, बेवजह हाथियों को तंग नही करने आदि की बात कही. मौके पर कारीनाथ बेदिया, सुरेंद्र बेदिया, बलदेव रजवार, महेश्वर बेदिया, सुनील गंझु समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे.
किसानों की फसल हुई बर्बाद
हाथियों के झुंड ने कजरू बेदिया, संतोष बेदिया, उमेश महतो, भीम महतो, जगेश्वर महतो, तिवारी बेदिया, कामेश्वर बेदिया, जतरू बेदिया, ललीता देवी, आनंद बेदिया, लालू बेदिया आदि के आलू के फसलों को बर्बाद कर दिया. वही संतोष बेदिया व रीतलाल बेदिया के घर के दरवाजे को तोड़ दिया. रीतलाल बेदिया के आवास के अंदर रखा अनाज को हाथियों ने खा लिया. ग्रामीणों ने वन विभाग व जिल प्रशासन से फसलों के नुकसान के लिये मुआवजे की मांग की है.




