
Ranchi: रांची और चाईबासा में बच्चों को संक्रमित रक्त चढ़ाने से एचआइवी पॉजिटिव होने के मामले में झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. मामले में राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि चाईबासा में बच्चों को संक्रमित रक्त चढ़ाने वाले मामले में सरकार की रिपोर्ट तैयार है उसे आज दाखिल कर दिया जाएगा. कोर्ट ने रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश देते हुए इस मामले में अधिवक्ता खुशबू कटारुका को निखिल रंजन बनाया है. लाइफ सेवर रांची के अतुल गेरा और अधिवक्ता शुभम काटारुका ने कोर्ट को बताया कि प्राइवेट अस्पतालों में अभी भी लोगों को ब्लड की जरुरत होने पर रिप्लेसमेंट ब्लड दाता मांगा जा रहा है. वहीं सरकार की ओर से ब्लड एकत्रित करने की पहल शुरू की गई है जिसे लेकर ब्लड कैंप भी लगाए जा रहे हैं. कोर्ट के आदेश के बाद भी कोई बदलाव नहीं आ रहा है. मामले की अगली सुनवाई 19 नवंबर को होगी. सुनवाई के दौरान थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे को रांची सदर अस्पताल में संक्रमित ब्लड दिए जाने से संबंधित मामले में नियुक्त एमिकस क्यूरी निखिल रंजन ने भी पक्ष रखा. मामले की सुनवाई हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ में हुई. उल्लेखनीय है कि थैलेसीमिया पीड़ित एक बच्चे को रांची सदर अस्पताल में ब्लड चढ़ाया गया था. उसके बाद उसे एचआइवी संक्रमित पाया गया था. बच्चे के पिता ने हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखा था. हाइकोर्ट ने पत्र को गंभीरता से लेते हुए उसे जनहित याचिका में तब्दील कर दिया है. वही पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर अस्पताल में ब्लड ट्रांसफ्यूजन के बाद पांच बच्चे HIV-पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें एक सात वर्षीय थैलेसीमिया रोगी भी शामिल है. झारखंड हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य स्वास्थ्य सचिव और जिला सिविल सर्जन से रिपोर्ट मांगी थी.




