DumkaJharkhandRanchi

पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार हत्याकांड: HC में हुई तीसरे जज के यहां सुनवाई पूरी, आदेश सुरक्षित

हाई कोर्ट की खंडपीठ के दो जजों ने दिया था विपरीत आदेश, जिसके बाद तीसरे जज ने मामले की सुनवाई की

Rana Pratap Singh

Ranchi: पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार हत्याकांड में फांसी की सजा पाए दो हार्डकोर नक्सलियों की मौत की सजा केखिलाफ अपील पर तीसरे जज के यहां सुनवाई आज पूरी हो गई. जिसके बाद हाई कोर्ट के जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की कोर्ट ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया. सुखलाल मुर्मू की ओर से अधिवक्ता जितेंद्र शंकर सिंह ने पक्ष रखा. यहां बता दें कि जस्टिस गौतम कुमार चौधरी का इस मामले में जो फैसला आएगा, वह हाई कोर्ट की खंडपीठ के दोनों जजों में से जिस जज के जजमेंट से मेल खाएगा, हाई कोर्ट के खंडपीठ के उसी जज का फैसला बहुमत के आधार पर मान्य होगा. दरअसल, पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार के हत्यारे दो हार्डकोर नक्सलियों सुखलाल उर्फ प्रवीर मुर्मू एवं सनातन बास्की उर्फ ताला दा को दुमका की निचली अदालत से मिले फांसी की सजा को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी. हाई कोर्ट के दो जजों की खंडपीठ में शामिल जस्टिस संजय प्रसाद ने दोनों सजायाफ्ता की फांसी की सजा को कंफर्म करने को लेकर राज्य सरकार की अपील को स्वीकार करते हुए उनकी फांसी की सजा को बरकरार रखा था , वही जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय ने दोनों सजायाफ्ता की फांसी की सजा के खिलाफ अपील को स्वीकार करते हुए उन्हें बरी किया था.

क्या था हाई कोर्ट की खंडपीठ का आदेश

हाई कोर्ट के जस्टिस संजय प्रसाद ने उक्त दोनों सजायाफ्ता की फांसी की सजा को कंफर्म को लेकर राज्य सरकार की अपील को स्वीकृत कर लिया था और दोनों सजायाफ्ता की सजा के खिलाफ अपील खारिज कर दी. जस्टिस संजय प्रसाद ने अपने आदेश में नक्सलियों के हमले में शहीद तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार के परिजनों को 2 करोड़ मुआवजा और पांच अन्य शहीद पुलिस कर्मियों के परिजनों को 50-50 लाख मुआवजा देने का आदेश दिया है. इसके अलावा जस्टिस संजय प्रसाद ने शहीद तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार के पुत्र या पुत्री को डिप्टी एसपी /डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्त करने के साथ-साथ उन्हें उम्र सीमा में छूट देने का भी आदेश दिया था. जबकि अन्य पांच शहीद पुलिस पर्सनल /कांस्टेबल के परिजनों को पुलिस विभाग में उनके एजुकेशन के हिसाब से फोर्थ ग्रेड पोस्ट या क्लास 4 के सिविल साइड सर्विसेज में पद पर नियुक्त करने का आदेश जस्टिस संजय प्रसाद ने दिया था. बता दें कि वर्ष 2013 में पाकुड़ के तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार चुनाव को लेकर एक बैठक में शामिल होने के लिए दुमका गए थे. इस दौरान लौटने के क्रम में नक्सलियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था.नक्सलियों के हमले में तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार सहित 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी. एसपी अमरजीत बलिहार के हत्यारों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर दुमका कोर्ट के फांसी की सजा को चुनौती दी थी. इसमें कहा गया था कि निचली अदालत द्वारा दिया गया फैसला न्याय संगत नहीं है और बिना पुख्ता सबूतों के आधार पर उन्हें फांसी की सजा दी गई है. दोनों ही दोषियों ने अपनी रिहाई की मांग भी अपील के माध्यम से की थी.

दुमका की अदालत ने सुनाई थी सजा

दुमका के चतुर्थ जिला एवं सत्र न्यायाधीश तौफीकुल हसन की विशेष अदालत ने तत्कालीन पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार के अलावा 5 पुलिसकर्मियों की हत्या मामले में प्रवीर दा उर्फ सुखलाल मुर्मू और सनातन बास्की उर्फ ताला दा को फांसी की सजा सुनाई थी. अदालत ने भादवि की धारा 307, 396,302 एवं आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनायी थी.

Related Articles

Back to top button