Ranchi

अपर नगर आयुक्त ने लिया सफाई कार्य निरीक्षण का जिम्मा, टीम गठित करने का निर्देश

Ranchi: स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 की तैयारी को लेकर रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद ने एक टीम गठित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने टीम में निगम के अधिकारियों सहित रांची एमएसडब्ल्यू (रांची नगर निगम और एस्सेल इंफ्रा का ज्वाइंट वेंचर) के सुपरवाइजरों को शामिल कर विभिन्न वार्डों में निरीक्षण करने की बात कही है.

संयुक्त टीम गठन कर करें निरीक्षण

अपने निर्देश में अपर नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए सोमवार सुबह से एक टीम शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई कार्य का निरीक्षण करेगी. निरीक्षण कार्य देखऩे के लिए निगम के सभी सिटी मैनेजरों की अध्यक्षता में यह टीम गठित होगी. टीम 3-3 वार्डों के लिए गठित की जाएगी. टीम में संबंधित वार्ड के निगम तथा और एमएसडब्ल्यू के सुपरवाइजरों को भी शामिल करने का निर्देश उन्होंने दिया है. टीम के सदस्यों को उन्होंने मोबाइल फोन से सफाई कार्य की वीडियोग्राफी करने की बात भी अपने निर्देश में की है.

निरीक्षण कार्य में स्वंय होंगे शामिल

अपर नगर आयुक्त ने कहा है कि इस टीम के एक सदस्य के रूप में वे भी तीन वार्डों की सफाई कार्य का निरीक्षण करेंगे. उन्होंने अपनी टीम में निगम की चिकित्सा पदाधिकारी किरण कुमारी, स्टोर इंचार्ज एवं सिटी मैनेजर सौरभ कुमार सहित RMSW के पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही है.

निरीक्षण रिपोर्ट सौंपने का निर्देश

उन्होंने अधिकारियों को सफाई कार्य निरीक्षण से जुड़ी अच्छी तथा त्रुटिपूर्ण दोनों विषयों का उल्लेख करते हुए संबंधित रिपोर्ट को निगम कार्यालय को सौंपने की बात कही है. सफाई को लेकर गुणवत्तापूर्ण कार्य कैसे हो, इसका भी सुझाव देने का निर्देश उन्होंने दिया है. सफाई कार्य निरीक्षण से जुड़ी पूरी कार्रवाई नगर आयुक्त के नियंत्रण में करने का निर्देश उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारी को दिया है.

Related Articles

Back to top button