
Ranchi : केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीडीबीटी) के अनुसार झारखंड समेत पूरे देश में आयकर दाताओं से वसूला जानेवाला राजस्व तीन से चार प्रतिशत बढ़ा है. राज्य में आयकर से 2017-18 में 5436.19 करोड़ रुपये की वसूली की गयी. 2010-11 की तुलना में आयकर से होनेवाले राजस्व संग्रहण में तीगुना से अधिक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गयी है. सीडीबीटी के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में आज भी टीम इंडिया के विकेटकीपर और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी सबसे अधिक आयकर भरते हैं. देश भर में प्रत्यक्ष कर (डायरेक्ट टैक्सेस ) की वसूली 52.29 प्रतिशत बढ़ी है. यह 2016-17 में 49.65 फीसदी थी.
आठ वर्षों में तीन गुना से अधिक बढ़ा संग्रहण
2017-18 में अप्रत्यक्ष कर से 915256 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी. प्रत्यक्ष कर के रूप में सरकार ने 1002741 करोड़ रुपये वसूले थे. प्रत्यक्ष कर की वसूली में केंद्र सरकार ने 18.03 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की थी. देश भर में 2017-18 में 6,43,88,028 व्यक्तिगत लोगों ने अपना आय कर भरा था. 2016-17 में 5.21 करोड़ से अधिक लोगों ने व्यक्तिगत आयकर भरा था. झारखंड में धनबाद, जमशेदपुर और रांची अंचल से आय कर की वसूली होती है.
झारखंड में आयकर वसूली की स्थिति
वित्तीय वर्ष कुल वसूली
2010-11 1691.4 करोड़
2011-12 1977.7 करोड़
2012-13 2497.9 क रोड़
2013-14 3482.7 करोड़
2014-15 1344.7 करोड़
2015-16 3597.40 करोड़
2016-17 4546.72 करोड़
2017-18 5436.19 करोड़




