
Dhanbad : इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन धनबाद ने कोयला लोडिंग के नाम पर बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के संरक्षण में होनेवाली अवैध वसूली की बढ़ी हुई दर प्रति टन 1250 रुपये देने से मना कर दिया है. नतीजा है कि कतरास में ढुल्लू के वर्चस्ववाले सभी लोडिंग प्वाइंट पर कोयला की लदाई ठप है. इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन ने घोषणा की है कि अब और रंगदारी नहीं देंगे. रंगदारी की दर 400 से 650 रुपये की गयी. अब 1250 रुपये की मांग है. इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन ने पहले ही कहा है कि ट्रक लदाई का भुगतान वह मजदूरों के खाते में सीधे भीम एप्प के जरिये करेंगे. किसी भी रंगदार को लदाई के पैसे का भुगतान नहीं करेंगे. भले इसका उन्हें जो भी खामियाजा भुगतना पड़े. भले इंडस्ट्री बंद हो जाए.
प्रशासन और सरकार से क्या उम्मीद करें : बीएन सिंह
प्रशासन और सरकार से क्या उम्मीद करें जो एक करूण विलाप करती महिला को न्याय दिला पाने में असमर्थ है. यह मानवीय सवाल है. इसपर ध्यान नहीं देनेवाला प्रशासन और पुलिस ट्रक और कोयला के कारोबार को देखेगा? इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन सिंह ने न्यूज विंग से कहा कि वह सामान्य नागरिक हैं. कर क्या सकते हैं? वह तो उद्योगपतियों की तरफ से बोलते हैं. पहले एसोसिएशन की एक कमेटी ने रंगदारी नहीं देने का फैसला लिया था. अब 28 नवंबर को एसोसिएशन की जेनरल मीटिंग होगी. इसमें सब मिलकर कोई फैसला लेंगे.
112 हार्ड कोक निर्माण उद्योग के उद्यमी भाग लेंगे
28 की बैठक में इंडस्ट्रीज एंड कामर्स एसोसिएशन धनबाद और स्माल बिहाईव हार्ड कोक एसोसिएशन चिरकुंडा के बैनर तले बैठक में लगभग 112 हार्ड कोक निर्माण उद्योग के उद्यमी भाग लेंगे. बैठक आइसीए धनबाद के सभागार में होगी. सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पांडेय ने उपायुक्त, धनबाद से इस मामले में अविलंब हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है. 100 से अधिक उद्योग बंद हो जाने पर औद्योगिक विकास तो थमेगा ही, लगभग 40 हजार श्रमिक भी बेरोजगार हो जायेंगे.




