National

Bullet Train: अहमदाबाद-मुंबई रूट के बाद दिल्ली-हावड़ा के बीच चलेगी बुलेट ट्रेन, पटना से दिल्ली तक का सफर केवल 3 घंटे में 

Bullet Train Project: दिल्ली से पटना का सफर करने वालों के लिए खुशखबरी है. जी हां, अब दिल्ली से पटना तक का सफर करने में 17 घंटे नहीं, केवल 3 घंटे का समय लगेगा. भारतीय रेलवे की तरफ से अहमदाबाद-मुंबई रूट के बाद दिल्ली-हावड़ा के बीच बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी तेजी से चल रही है. दिल्ली-हावड़ा रूट पर चलने वाली बुलेट ट्रेन बक्सर, पटना और गया होकर गुजरेगी. तीनों जिलों में इसके लिए अलग स्टेशन बनेंगे. 350 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली बुलेट ट्रेन, पटना से दिल्ली तक के सफर में 17 घंटे की बजाय तीन घंटे लगेंगे.

इस रूट पर बुलेट ट्रेन का संचालन होने से यात्र‍ियों को काफी सहूलियत होगी. अभी एक से दो द‍िन में होने वाला सफर घटकर कुछ घंटों का रह जाएगा. बुलेट ट्रेन के प्रोजेक्‍ट के लिए बिहार में एलिवेटेड ट्रैक का रूट तय हो गया है. स्टेशन बनाने और एलिवेटेड ट्रैक के लिए जल्द ही जमीन के अधिग्रहण का काम भी शुरू हो जाएगा. इसके अलावा नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) की टीम अगस्त के आखिरी हफ्ते तक पटना पहुंचने वाली है. पटना के फुलवारी या बिहटा में से किसी एक जगह स्टेशन निर्माण के लिए जगह फाइनल की जाएगी.

दैनिक भास्‍कर में प्रकाशित खबर के अनुसार बुलेट ट्रेन का स्‍टापेज बिहार के बक्सर, पटना और गया जिले में होगा. इसके लिए तीनों ही जिलों के एक-एक अलग स्‍टेशन का निर्माण किया जाएगा. बुलेट ट्रेन दिल्ली से वाराणसी होते हुए बक्सर के रास्ते पटना, गया होते हुए हावड़ा तक जाएगी. बुलेट ट्रेन की रेललाइन पूरी तरह एलिवेटेड होगी. इसका ऊंचाई करीब दो मंजिल इमारत के बराबर होगी.

पिछले दिनों नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की तरफ से अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन प्रोजेक्‍ट का अपडेट जारी किया गया. इस प्रोजेक्‍ट के तहत नवी मुंबई में 394 मीटर लंबी सुरंग के लिए खुदाई का काम पूरा हो गया है. अधिकारियों की तरफ से जारी अपडेट में बताया गया कि घनसोली में अतिरिक्त संचालित मध्यवर्ती सुरंग के पूरा होने से महाराष्ट्र में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स और शिलफाटा के बीच 21 किलोमीटर लंबी सुरंग के निर्माण में तेजी आएगी.

 

Related Articles

Back to top button