
Ranchi: लातेहार जिले में विभिन्न प्रखंडों के एसएचजी और आंगनबाड़ी सेविकाओं के खाते में शौचालय निर्माण के लिए राशि भेजी गयी थी. जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, लातेहार के मुताबिक व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए अलग अलग समूहों (स्वयं सहायता समूह) और आंगनबाड़ी सेविकाओं के खाते में जिला मुख्यालय से पैसे भेजे गये थे. कई बार सूचना देने के बाद भी इन समूहों द्वारा पूरी राशि का हिसाब अबतक उपलब्ध नहीं कराया गया है. इनमें किसी पर 10 लाख रुपये तो किसी पर 3.50 लाख रुपये से अधिक का बकाया है. अब तक शेष राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र लंबित है और शेष राशि लौटायी भी नहीं जा रही है. ऐसे में अलग अलग चिन्हित एजेंसियों के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष को तीन दिनों के अंदर शौचालय निर्माण राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र लौटाने या हस्तांतरित राशि को जिला मुख्यालय के खाते में जमा करने को कहा गया है. ऐसा नहीं करने पर सरकारी राशि की वसूली के लिए केस दर्ज करते कार्रवाई की जायेगी.
इन समूहों के उपर बाकी है इतनी रकम
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, लातेहार के मुताबिक, चेताग पंचायत (प्रखंड- बालुमाथ) के सरना दल के उपर 7 लाख 92 हजार रुपये, माल्हन पंचायत (प्रखंड-चंदवा) के चमेली एसएचजी पर 3 लाख 72 हजार रुपये, बारी पंचायत (प्रखंड-चंदवा) के लक्ष्मी एसएचजी पर 2 लाख 40 हजार रुपये, माल्हन पंचायत (प्रखंड-चंदवा) के सूर्यमुखी एसएचजी पर 2 लाख 40 हजार रुपये बाकी हैं. इसी तरह बारी पंचायत (प्रखंड-चंदवा) के पार्वती एसएचजी पर 1 लाख 80 हजार, चेटर पंचायत (प्रखंड-चंदवा) के सरना एचएसजी पर 2 लाख 40 हजार, इसी पंचायत की आंगनबाड़ी सेविका पर 4 लाख 8 हजार और नगर भगवती एसएचजी पर 1 लाख 56 हजार रुपये बाकी हैं. अमरवाडीह पंचायत (प्रखंड-बारियातू) की आंगनबाड़ी सेविका पर 10 लाख 20 हजार, टोंटी पंचायत (बारियातू) के विकास आजीविका सखी मंडल पर 2 लाख 40 हजार रुपये, इसी पंचायत के दीप आजीविका सखी मंडल पर 1 लाख 68 हजार और शक्ति एसएचजी पर 1 लाख 56 हजार रुपये बकाया हैं.




