
Ramgarh : रामगढ़ में स्वर्ण आभूषण व्यवसायी अनुज सोनी पर फायरिंग कर लगभग दो लाख के जेवरात सहित 50 हजार रूपये नकद लूट लिये जाने की खबर है. घटना गुरुवार रात की बतायी गयी है. जानकारी के अनुसार रामगढ़-बोकारो मार्ग पर छतर मांडू पेट्रोल पंप के पास अपराधियों ने इस लूटकांड को अंजाम दिया. बताया गया है कि लूटपाट के क्रम में अनुज सोनी पर अपराधियों ने गोली चलाई, लेकिन वे बाल-बाल बच गये. गोली अनुज की बाइक में लगी. बता दें कि लूटपाट की घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी रामगढ़ थाना पुलिस के हाथ खाली हैं. अपराधियों का बढ़ता मनोबल और पुलिस की नाकामी से स्थानीय व्यापारियों में रोष है.
घटनाक्रम के बारे में बता दें कि गुरुवार रात 11 बजे के करीब अनुज सोनी लोहार टोला स्थित अपनी जेवर की दुकान बंद कर बाइक पर अपने घर सुकरीगढ़ा लौट रहे थे. लौटने के क्रम में अनुज ने कोठार के समीप पेट्रोल पंप पर तेल भरवाया. उसके बाद थोड़ी दूर ही पहुंचे थे कि बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने अनुज को जबरन रोकने की कोशिश की.
इसे भी पढ़ेंः45 प्रमोटी IAS मेन स्ट्रीम से बाहर, सिर्फ दो को ही मिली है जिले की कमान, गैर सेवा से आईएएस बने दो अफसर हैं डीसी
घटना के बाद अनुज सोनी रामगढ़ थाना पहुंचे
लूट की आशंका से अनुज सोनी ने अपनी बाइक तेज कर दी. लेकिन लुटेरों ने अनुज सोनी पर फायरिंग कर दी. हालांकि अनुज बाल-बाल बच गये लेकिन एक गोली बाइक में लग गयी. इसके बाद अनुज ने डर कर बाइक रोक दी. उसके बाद अपराधियों ने अनुज को पीटा और हथियार के बल पर जेवर और पैसे लूट लिये. घटना के बाद अनुज सोनी ने अपने साथियों के साथ रामगढ़ थाना पहुंचे और लूटपाट की घटना की जानकारी पुलिस को दी.




