
Palamu : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिक्की गांव में सोमवार की शाम ईंट लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई एक अधेड़ की मौत के बाद जनाक्रोश भड़क गया. हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक की जमकर पिटाई की गयी और तीन ट्रैक्टरों को आग के हवाले कर दिया गया. घटना को लेकर घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. गुस्साये लोग मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें- पुलिस ने किया खुलासा: जेल में रची गई थी रंजीत सिंह की हत्या की साजिश
ओवरटेक करने में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, तीन ट्रैक्टर ईंट लेकर डालटनगंज-पाटन मुख्य पथ से गुजर रहे थे. इसी दौरान दो ट्रैक्टर चालक एक-दूसरे को ओवरटेक करने का प्रयास करने लगे. इसी क्रम में सिक्की गांव के समीप सड़क किनारे खड़े 56 वर्षीय जनेश्वर सिंह ट्रैक्टर की चपेट में आ गये और उनकी मौत हो गयी. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग भड़क गये और हादसे में शामिल ट्रैक्टर के चालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी. उसे मार-मारकर अधमरा कर दिया गया. घटना के बाद अन्य ट्रैक्टरों के चालक मौके से फरार हो गये. चालक की पिटाई तक ही मामला शांत नहीं हुआ, भड़के लोगों ने ट्रैक्टरों में आग लगा दी. हालांकि सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हस्तक्षेप कर चालक को कब्जे में लिया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भेजा.
इसे भी पढ़ें- कांवरियों से भरी गाड़ी पलटने से एक की मौत, सात घायल
जिले के पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत महाथा ने जानकारी दी कि ओवरटेक के कारण हादसा हुआ है. पूरे मामले की छानबीन की जा रही है. जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पिटाई से गंभीर हुए चालक की पहचान की जा रही है. अन्य चालकों की भी पहचान की जा रही है. सभी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी.




