
Ranchi : रांची के ओरमांझी प्रखंड से भारतीय जनता पार्टी के मोहम्मद कुद्दूस अंसारी सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में अपने लोगों के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थामा. मालूम हो कि मोहम्मद कुद्दूस अंसारी भारतीय जनता पार्टी में लगभग 20 साल से कदम से कदम मिलाकर चले. वह भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री और कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं. अभी पार्टी छोड़ने के वक्त कार्यसमिति के सदस्य थे. मोहम्मद कुद्दूस अंसारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नीति और सिद्धांत से नाखुश होकर वह झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हुए हैं. पार्टी अल्पसंख्यकों के मुद्दों पर गंभीर नहीं है, सिर्फ अल्पसंख्यक मोर्चा बनाकर इस्तेमाल कर रही है.
इसे भी पढ़ें- सावन में बासुकिनाथ धाम में चढ़ा ढाई करोड़ का चढ़ावा
अपने राजनीतिक एजेंडा को थोप रही है भाजपा : हेमंत सोरेन
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोहम्मद कुद्दूस अंसारी और उनके सहयोगियों का पुरजोर स्वागत किया. पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 4 सालों के में देश के लोगों पर अपना राजनीतिक एजेंडा थोपने का प्रयास किया है. चाहे वह नौजवान हो या किसान, मजदूर, व्यापारी वर्ग, महिलाएं, अल्पसंख्यक समाज हो, सभी पर हमले हुए. अब चुनावी साल आ चुका है और जिस तरीके से उनके विचारों के विरुद्ध लोग अपनी बातों को रख रहे हैं और जिस तरीके से उनकी आवाज दबाने-कुचलने का प्रयास किया जा रहा है, यह बिल्कुल स्पष्ट हो गया है कि अपने लक्ष्य को पाने के लिए ये किसी भी हद तक जा सकते हैं, चाहे वह संवैधानिक हो या असंवैधानिक तरीका हो. लेकिन, इस बार झारखंड राज्य में लोगों ने यह मन बना लिया है कि हर हाल में भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ फेंकना है और इसके लिए बड़े पैमाने पर लोग शामिल हो रहे हैं. यह भी सच है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ताकतवर है, भारतीय जनता पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दे सकता है.




