CHATRA : सदर अस्पताल चतरा की एक्सरे व्यवस्था भगवान भरोसे है. आलम यह है कि अस्पताल में एक माह से एक्सरे कार्य ठप है. एक्सरे कराने के लिए मरीज दर दर भटक रहे हैं. यह स्थिति मशीन खराब होने के कारण उत्पन्न हुई है. बाहर एक्सरे कराने के कारण मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है.
अस्पताल के एक्सरे संचालक ने बताया कि जिस यूपीएस से एक्सरे का काम लिया जाता है वह शॉर्ट सर्किट के कारण 24 मई को ही जल गया है. जिसे बनवाने को लेकर कंपनी को खबर किया गया है. एक बार कंपनी के इंजीनियर ने आकर मशीन का निरीक्षण किया परंतु अभी तक इसे दुरुस्त नहीं कराया जा सका है. दूसरी ओर संचालक ने यह भी बताया कि कंपनी के द्वारा एक्सरे मशीन बनवाने में दिलचस्पी इसलिए नहीं ली जा रही कि बीते 3 वर्ष से अस्पताल प्रबंधन के द्वारा निर्धारित बिल का भुगतान नहीं किया गया है. वहीं सिविल सर्जन ने बताया कि जल्द ही तकनीकी खराबी को दूर कर लिया जायेगा और मरीजों के लिए एक्सरे की सेवा बहाल कर दी जाएगी.




