JharkhandPalamu

पलामू: स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान शुरू, स्वच्छता और शौचालय की उपलब्धता की होगी जांच

Daltonganj : पलामू जिले में स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान (ग्रामीण) 2018 की शुरूआत बुधवार से हो गयी. यह अभियान 31 अगस्त तक चलेगा. इस दौरान हर जगह स्वच्छता और शौचालय की उपलब्धता की जांच की जायेगी. जिले के उपायुक्त अमीत कुमार ने बुधवार की दोपहर समाहरणालय परिसर से स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित तीन रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

अनुमंडलीय स्तर पर तीन रथ हुए रवाना

डालटनगंज सहित छत्तरपुर और हुसैनाबाद अनुमंडल स्तर पर तीन अलग-अलग रथों को रवाना किया गया. पहले दिन रथों के माध्यम से अनुमंडल मुख्यालय में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा. यहां कार्यक्रम पूरा हो जाने के बाद रथ को प्रखंडों के सुदूरवर्ती इलाकों में भेजा जायेगा. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जिले में हर जगह स्वच्छता और शौचालय की उपलब्धता की जांच करायी जायेगी. सभी विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत सचिवालय, हाट बाजार एवं धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों में स्वच्छता एवं शौचालय की उपलब्धता का सर्वेक्षण किया जाएगा. इस सर्वेक्षण अभियान में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका-साहायिका, स्वास्थ्य केंद्र के सहिया परिचारिका, तथा पंचायतों के स्वयंसेवक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. इन सभी स्थानों में उपलब्ध शौचालयों को सर्वेक्षण के दरमियान चुस्त-दुरूस्त कर उपयोग के अनुकूल बनाया जाएगा. साथ ही इन स्थानों में स्वच्छता के लिए गंदगी डालने के लिए डस्टबीन लगाने का निदेश दिया गया है.

क्या-क्या होगा? 

उपायुक्त ने स्वच्छता के लिए सभी विद्यालयों में हैंड-वाॅस यूनिट संधारण का निदेश दिया. इसके लिए अधिकतम 27 हजार रुपये की राशि निर्धारित की गई है. 14वें वित्त की राशि से हैन्ड-वाॅस यूनिट संधारण का निदेश दिया गया. जिला पंचायती राज पदाधिकारी को प्रत्येक माह की दूसरी तारीख को पंचायत स्तर पर स्वच्छता ग्राम सभा आयोजित करने का निदेश दिया गया है. इस स्वच्छता ग्राम सभा में स्थानीय जन प्रतिनिधियों के माध्यम से स्वच्छता अभियान को गतिशील करने के लिए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. प्रत्येक माह के 19 तारिक को विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में स्वच्छता दिवस आयोजित कर छात्र-छात्राओं एवं आंगनबाड़ी के बालक-बालिकाओं को स्वच्छता से होने वाले लाभ और शौचालय की उपयोगिता के लिए प्रेरित किया जायेगा.

रथ के रवानगी के मौके पर अन्य लोगों के अलावा जिला परिषद अध्यक्ष प्रभा देवी, उपविकास आयुक्त बिन्दू माधव सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शांति पांडेय, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय सिंह, जनसंपर्क पदाधिकारी देवेन्द्र नाथ भादुड़ी भी उपस्थित थे.

Related Articles

Back to top button