
Raipur: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में प्रेशर बम की चपेट में आने से भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल का जवान घायल हो गया. पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि जिले के धनोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रेशर बम की चपेट में आने से आईटीबीपी के 45वीं बटालियन का जवान येलप्पा कोप्पड़ घायल हो गया है.
गश्त पर गये थे जवान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धनोरा थाना क्षेत्र में पुलिस दल को गश्त में रवाना किया गया था. दल के जवान जब धनोरा ओरछा मार्ग पर गश्त कर रहे थे तब जवान का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया. इससे बम में विस्फोट हो गया और जवान घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस दल ने घायल जवान को जंगल से बाहर निकाला तथा उसे नारायणपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. जवान की हालत सामान्य है. उन्होंने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है.
इसे भी पढ़ें: मीडिया पर रोक का आदेश स्थगित करने के फैसले को मैमन मैथ्यू ने बताया सराहनीय
2017 में भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि जनवरी 2017 को भी छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर बम विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का जवान घायल हो गया था. बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में प्रेशर बम विस्फोट में सीआरपीएफ के 199 वीं बटालियन का जवान विजय सिंह यादव (39 वर्ष) घायल हो गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि जिले के भैरमगढ़ से केशकुतुल के मध्य सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था. सड़क की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के एक दल को गश्त के लिए रवाना किया गया था. दल जब भैरमगढ़ थाना से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर था तब जवान यादव का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया था. इसके बाद बम में विस्फोट हो गया था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




