ChatraJharkhand

‘जीवनदायिनी’ करेगी लोगों के जान की रक्षा, केंद्र सरकार ने दिए चार आधुनिक एंबुलेंस

Chatra: जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आए दिन हो रहे सड़क हादसों के शिकार लोगों की जान अब संसाधन के अभाव में नहीं जाएगी. सड़क हादसों में गंभीर रूप से घायल लोगों के जान माल की रक्षा अब आधुनिक सुविधाओं व जीवन रक्षक उपकरणों से लैस आधुनिक एंबुलेंस करेगा. उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह के आग्रह पर केंद्र सरकार ने जिले को चार आधुनिक एंबुलेंस उपलब्ध करा दिए हैं. जीवनदायिनी के नाम से जिले के घोर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तैनात किए जाने वाले यह एंबुलेंस घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद मिनटों में मौके पर पहुंचकर घायलों को ऑन द स्पॉट फर्स्ट एड की सुविधा उपलब्ध कराते हुए बेहतर उपचार के लिए अस्पताल ले जाएगा.

केंद्र सरकार के डीएमएफटी योजना के तहत खरीदे गए यह चारों एंबुलेंस जिला प्रशासन को मिले है. जिसे आधुनिक सुविधाओं के जीवन रक्षक उपकरणों से लैस करने के लिए जिला प्रशासन भेज रहा है. डीसी ने बताया कि जिले के टंडवा, सिमरिया व अन्य प्रखंडों में संचालित कोल परियोजनाओं में ट्रांसपोर्टिंग कार्य में लगे वाहनों की चपेट में आने से हो रही मौतों पर नकेल कसने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एंबुलेंस खरीदने का अनुरोध डीएमएफटी पोर्टल के माध्यम से किया था. उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के शिकार ज्यादातर लोगों की मौत संसाधनों के अभाव में, या फिर समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण हो जाती थी. लेकिन अब जीवनदायिनी एंबुलेंस घायल लोग के जान की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगे. डीसी ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं का जीवन रक्षक उपकरणों से लैस होने के बाद प्रथम किस्त की चारों एंबुलेंसों को टंडवा व सिमरिया के अलावा घोर दुर्घटना संभावित अस्पतालों में प्रतिनियुक्त किया जाएगा. डीसी ने जिले को प्राप्त सभी एंबुलेंस को उपकरणों से लैस कराने का निर्देश स्वास्थ्य विभाग को देते हुए उसके प्रतिनियुक्ति स्थल का चयन करने की बात कही है.

गौरतलब है कि जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में मगध, अशोका, आम्रपाली समेत कई अन्य बड़े कोल परियोजनाएं संचालित हो रही है. इन परियोजनाओं से निकलने वाले उच्च कोटि के कोयले की ट्रांसपोर्टिंग सिमरिया के रास्ते विभिन्न जिलों में होती है. ऐसे में इन क्षेत्रों में ट्रांसपोर्टिंग कार्य में लगे भारी कोल वाहनों की चपेट में आने से आए दिन लोगों की मौत हो रही है वही कई गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं. जिनके समुचित उपचार के लिए सिमरिया में रेफरल अस्पताल है. लेकिन इलाके के एकलौते रेफरल अस्पताल में एंबुलेंस का घोर अभाव था. जिसके कारण घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता था. ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से लैस जीवनदायिनी एंबुलेंस के आने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. डीसी ने कहा कि जिले के अन्य अस्पतालों में भी जल्दी ऑटोमेटिक एंबुलेंस उपलब्ध कराएं जाएंगे.

Related Articles

Back to top button