
New Delhi: भारत जोड़ो यात्रा के राजस्थान पहुंचने के साथ राहुल गांधी की स्पीड बढ़ गई है. यात्रा के दौरान रोजाना औसतन 24 किमी की दूरी तय करने वाले राहुल गांधी आज 34 किमी की दूरी नापेंगे. यात्रा झालावाड़ से राजस्थान में एंट्री कर चुकी है. सोमवार सुबह करीब 6 बजकर 11 मिनट पर झालावाड़ के काली तलाई से यात्रा शुरू हुई. राहुल गांधी के साथ बतौर यात्री सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जुड़े हैं.
सुबह करीब तीन घंटे में यात्रियों ने 12-15 किमी की दूरी तय की. इस दौरान सड़क के किनारे स्थित ढाबे पर चाय पीने के लिए राहुल समेत सभी यात्री रुके. करीब डेढ़ घंटे चलने के बाद यात्रा चाय के लिए रुकी थी. पिछले कुछ दिनों से गुटबाजी के लिए चर्चा में रही राजस्थान कांग्रेस यात्रा के दौरान पूरी एकजुटता प्रदर्शित कर रही है. गहलोत व पायलट के साथ ही अन्य कांग्रेसी भी पूरे जोश-खरोश के साथ शामिल हो रहे हैं.
आज यात्रा 10 बजे बालीबोरड़ा चौराहा पहुंचेगी. दोपहर 3:30 बजे नाहरड़ील और शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी. राहुल गांधी हर दिन यात्रा कें नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे. शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहे पर राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे. राहुल आज चुनिंदा किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत भी करेंगे.




