NEWS WING
Daltonganj,04 दिसंबर: जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पलामू के नावाबाजार थाना अंतर्गत बीते एक महीने में हुई तीन डकैतियों में लिप्त गिरोह के पांच अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस बात की जानकारी पलामू के पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कॉफ्रेंस में दी. उन्होंने कहा कि पांच डकैतों को पकड़ लिया गया है और गिरोह के बाकी सदस्यों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है. बता दें कि इससे लाके के लोगों ने राहत की सांस ली है क्योंकि डकैतियों से परेशान लोगों ने एनएच को जाम कर अपना विरोध जताया था.
यह भी पढ़ें – झारखंड में शिक्षा व्यवस्था बेहाल, 30 छात्रों पर होने चाहिए एक शिक्षक, लेकिन 63 छात्रों पर हैं एक टीचर
टीम गठित कर हुई कार्रवाई – पुलिस अधीक्षक
वहीं गिरफ्तार किये गये अपराधियों के बारे में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नावाबाजार थाना क्षेत्र के लठैया गांव में 15 अक्टूबर तो इटको मोड़ में 30 अक्टूबर और रजदिरिया में 15 नवंबर को प्रदीप कुमार गुप्ता, सूर्यदेव यादव, नागेश्वर यादव, कृष्णा पासवान, मनोज पासवान, और बिपिन महतो के घरों पर डकैती हुई थी. हालांकि इन डकैतियों में नगद राशि बहुत कम गई थी, लेकिन डकैतों ने बाकी घरेलू सामान और आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन आपराधिक घटनाओं के पश्चात पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम मीरालाल रवि के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. इस टीम में पुलिस निरीक्षक पांडू अंचल दीप नारायण रजक, थाना प्रभारी नावाबाजार रामाधार चौधरी, थाना प्रभारी रेहला अरविंद कुमार सिंह और थाना प्रभारी पड़वा मो. रूस्तम शामिल थे. इस टीम ने अपनी समझदारी और कुशल रणनीति के तहत छापामारी करते हुए एक डकैत किशुन बिरहोर को कंडा स्थित अमन ईंट भट्ठा के निकट से कल अपराह्न गिरफ्तार कर लिया और उसी की निशानदेही पर अर्जुन बिरहोर, प्रकाश बिरहोर, विकास बिरहोर और सुनील बिरहोर को कब्जे में कर लिया गया. साथ ही अधिक्षक ने बताया कि तलाशी के दौरान इनके कब्जे से सिम कार्ड, चार मोबाईल, बैटरी, चादर के साथ ही नये कपड़े, टॉर्च और इमरजेंसी लाईट बरामद किया गया.
यह भी पढ़ें – सत्र खत्म होने के करीब, विभाग ने स्कूल कोष में दो महीने पहले भेजे पैसे, फिर भी छात्रों को नहीं मिली किताबें
सभी अपराधी ईंट भट्ठे में काम करते थे
गिरफ्तार सभी अपराधियों के बारे में बताया गया कि वह सभी कंडा स्थित अमर्न ईंट भट्ठा में काम करते थे. इनमें अर्जुन बिरहोर और प्रकाश बिरहोर लातेहार जिले के बनगढ़ा का रहने वाला है. वहीं विकास बिरहोर और किशुन बिरहोर सरयु थाना (लातेहार) के रोल के निवासी तथा सुनील बिरहोर महुआटांड़ मैक्लुस्कीगंज थाना (रांची) का रहने वाला बताया गया है. इनका सरगना किशुन बिरहोर है और यह लोग टांगी, डंडा लाठी आदि के बल पर डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे.गिरफ्तार किये गये सभी अपराधियों को भा.द.वि. की धारा 395 के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




