Uncategorized

पेरिस : IMF दफ्तर में फटा पार्सल बम, महिला घायल

पेरिस: यहां स्थित अतंर्राष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के मुख्यालय में एक पार्सल बम के फटने से एक महिला घायल हो गई। सुरक्षा सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि धमाका विश्व बैंक के साथ आईएमएफ द्वारा साझा किए जाने वाले भवन में हुआ।

फ्रांसीसी मीडिया ने बताया है कि पार्सल आईएमएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी को भेजा गया था। जैसे ही महिला ने उसे खोला, उसका हाथ और मुंह जल गया।

जांचकर्ताओं ने बीएफएमटीवी को बताया कि धमाके से कमरे की छत को भी नुकसान पहुंचा।

द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘विस्फोटक पदार्थ कोई बम नहीं था, बल्कि यह घर में बने एक बहुत बड़े पटाखे जैसा था।’

रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्रांस के आतंकवाद रोधी विभाग ने मामले की जांच हत्या के प्रयास, विस्फोटक के जरिए तबाही, विस्फोटक सामग्री रखने के मामलों और आतंकवाद से इसके संबंध की संभावनाओं के तहत शुरू की है।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि आईएमएफ दफ्तर को कई दिनों से धमकाने वाली फोनकॉल मिल रही थीं, लेकिन इस घटना से इनका संबंध अभी साफ नहीं हुआ है।

जर्मनी की यात्रा पर आईं आईएमएफ निदेशक क्रिस्टीन लेगार्ड ने एक बयान में कहा, “मैं हिंसा की इस कायराना हरकत की निंदा करती हूं और दोहराती हूं कि हमें मिले जनादेश के हिसाब से हम काम करते रहेंगे।”

द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोगों को एहतियातन भवन से निकाल लिया गया और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का मुआयना किया।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वां ओलांद ने इस घटना को एक हमला बताया और कहा कि इसके जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

बुधवार को ऐसा ही पार्सल बम जर्मन वित्त मंत्री वोल्फगैंग शॉब्ले को भी भेजा गया था, लेकिन उसे समय रहते नष्ट कर दिया गया। मंत्री को इस पार्सल बम को भेजने की जिम्मेदारी ग्रीस के चरमपंथी अराजकतावादी संगठन ‘कांस्पिरेसी ऑफ फायर न्युक्लेई’ ने ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button