
Palamu: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा है कि, ‘भाजपानीत केन्द्र सरकार में संगठन और सत्ता में अन्तर समाप्त हो गया है, यही वजह है कि जांच एजेंसियों के अधिकारी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की गाड़ियों में बैठ कर ‘छापा’ मारने जाते हैं. सीएम सोरेन ने आगे कहा कि, राजनीतिक ताकत से विरोधियों को केन्द्र सरकार नहीं परास्त कर सकी तो अब संवैधानिक संस्थाओं के सहारे उनके मान मर्दन करने पर उतर आई है, जिसमें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर (आईटी) का दुरूपयोग किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मेदिनीनगर के पुलिस स्टेडियम में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा में भाकपा जिला परिषद की बैठक,भाजपा विधायकों- सांसदों के यहां भी ईडी छापेमारी की हुई मांग
सीएम ने कहा कि मौजूदा राज्य सरकार को अस्थिर करने के प्रयास मोदी सरकार द्वारा लगातार किए जा रहे हैं और इसके लिए प्रलोभन एवं भयादोहन जैसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिसमें कामयाबी नहीं मिलता देख समर्थक विधायक पर ईडी का छापा मारा जा रहा. यह बात बिना विधायक प्रदीप यादव के नाम लिए उन्होंने कही. आज ईडी का छापा प्रदीप यादव और जय मंगल सिंह के घर मारा गया है. उन्होंने कहा कि, सांप्रदायिकता के बल पर राजनीति करने वाली भाजपा दूसरे मुख्यमंत्री से बात-बात में इस्तीफा मांगती है और गुजरात के मोरबी में पुल भ्रष्टाचार के भेंट चढ़ गए, लेकिन अपने मुख्यमंत्री नीतिन पटेल को हटाने की बात नहीं कर रही है, यह दोमुंही राजनीति नहीं है तो क्या है?
उन्होंने कहा कि, मैं गीदड़ भभकी से डरने वाला नहीं हूँ, क्योंकि हमारे पास जन समर्थन और विधायकों के बहुमत का समर्थन है, जो किसी भी विरोधी शक्ति से टक्कर ले सकती है. सोरेन ने कहा कि, जैसे नरेन्द्र मोदी संवैधानिक पद पर बैठे है, वैसे मैं भी संवैधानिक ओहदे पर बैठा हूं और यह दोनों पद ‘खैरात’ में नहीं मिलते हैं. इसका ख्याल लोकतांत्रिक व्यवस्था की राजनीति में केन्द्र और राज्यों के सरकारों को होना चाहिए.
साथ ही उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि, संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल करना वह भी जानते हैं, यह भाजपा नेताओं को जानना चाहिए. इसकी इजाजत नैतिक तौर पर नहीं है, लेकिन कोई इसके इस्तेमाल पर याने दुरुपयोग कर उतर आए तो, दुनिया की कोई शक्ति उसे रोक नहीं सकती.
अपने संबोधन में भारत जोङो यात्रा की चर्चा करते हुए हेमन्त सोरेन ने कहा कि, राहुल गांधी के मनोबल को तोड़ने के मीडिया प्रायोजित हथकंडे अपनाए गये, इसके बेअसर होने पर अब भाजपाइयों ने चुप्पी साध ली है. उन्होंने कहा कि, झामुमोनीत उनकी सरकार आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक समाज़ को ध्यान में रखकर नीतियों के कार्यान्वयन पर जोर दिया है और आने वाले समय में राज्य की राजनीति में गुणात्मक परिवर्तन होंगे.

तीन मंत्रियों के साथ पलामू पहुंचे सीएम
आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार की दोपहर 2 बजे चियांकी हवाई अड्डे पर उतरे. यहां से सड़क मार्ग द्वारा पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित समारोह में शामिल हुए. उनके साथ प्रदेश के मंत्री आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता एवं मिथिलेश ठाकुर भी आए हैं. सीएम सहित अन्य अतिथियों ने दीप जलाकर समारोह का उद्घाटन किया. समारोह के दौरान सीएम के द्वारा जहां 24 योजनाओं का उद्घाटन किया जायेगा, वहीं 33 योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि करोड़ों रूपये कीपरिसंपत्तियों का वितरण भी किया. इससे पूर्व चियांकी हवाई अड्डे पर हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद पलामू जिला प्रशासन की ओर से प्रमंडलीय आयुक्त जटाशंकर चौधरी, उपायुक्त ए दोड्डे, एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने पुष्पगुच्छ देकर मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्रियों का स्वागत किया. गार्ड ऑफ ऑनर लेने के बाद मुख्यमंत्री सीधे समारोह स्थल के लिए निकल गए.मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिन्हा सहित अन्य पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.




