News Wing
Giridih, 21 November: सरिया थाना परिसर में सोमवार को हुए ब्लास्ट मामले में जांच शुरू कर दी गयी है. उपायुक्त उमाशंकर सिंह के निर्देश पर एक जांच टीम गठित कर मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है. जांच टीम में शामिल सदस्यों द्वारा घटना के हर एक पहलू पर गंभीरता पूर्वक जांच की जा रही है. इस जांच दल में सरिया अनुमंडल पदाधिकारी पवन कुमार मंडल, कार्यपालक दंडाधिकारी संदीप कुमार मधेशिया, सरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण वर्मा को शामिल किया गया है. मंगलवार को जांच-पड़ताल के दौरान सरिया थाना में जांच टीम द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी दी गयी. प्रेसवार्ता में एसडीएम पवन कुमार मंडल ने कहा कि घटना से संबंधित हर बिन्दु पर जांच की जा रही है, घटना के संभावित कारणों और घटना में जिन लापरवाहियों की बात सामने आई है सभी पहलुओं पर गहन जांच पड़ताल कराई जा रही है.
यह भी पढ़ेंः गिरिडीह: बम डिफ्यूज करने के दौरान सरिया थाना में ब्लास्ट, ASI समेत चौकीदार की मौत (देखें वीडियो)
किसके आदेश से थाने में नष्ट किया गया विस्फोटक
एसडीएम ने कहा कि किसके आदेश और किन परिस्थितियों में थाना परिसर के अंदर विस्फोटक को नष्ट किया जा रहा था उन सभी बिंदुओं पर टीम जांच कर रही है. घटना के बाद घटना स्थल से बारूद को भी एकत्रित किया गया है, जिसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि मृतक चौकीदार के परिजनों को तत्काल बीस हज़ार रुपये सहायता राशि मुहैया कराई गई है और सरकारी प्रावधान के अनुसार मृतक के आश्रितों को दस लाख रुपये मुआवजा और अनुकंपा पर एक सदस्य को नौकरी देने की सिफारिश भी की जाएगी.
थाने में रखा गया था 965 पीस डेटोनेटर और 1292 पीस जेलिटेन
एसडीएम ने बताया कि सरिया थाना में कांड संख्या 14/17 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें पूर्व में अंकित कांड संख्या 84/16 के तहत 142 पीस जिलेटिन और 15 पीस डेटोनेटर रखा गया था, वहीं कांड संख्या 92/16 के अंतर्गत ग्यारह सौ पचास पीस जब्त जिलेटिन और 950 पीस डेटोनेटर मालखाने में रखा गया था, जिसे नष्ट करने के लिए हज़ारीबाग़ से बम निरोधक दस्ता को बुलाया गया था. इस दौरान पत्रकारों द्वारा सरिया अनुमंडल अंतर्गत सरिया बगोदर और बिरनी थाना में रखे विस्फोटक और उसकी सुरक्षा के बारे जब सवाल किया गया तो इसका स्पष्ट जवाब नही दिया गया.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




